Bhopal में मेट्रो अंडरग्राउंड दौड़ेगी, 3.39 किमी में दो स्टेशन बनाने के लिए खुदाई शुरू; जानिए कौन सा होगा रूट
भोपाल मेट्रो(File Photo)
Bhopal underground metro: भोपाल में अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए काम शुरू हो चुका है. 3.39 किमी अंडरग्राउंड मेट्रो के बीच में दो स्टेशन बनाए जाएंगे. सोमवार को अंडरग्राउंड मेट्रो के निर्माण काम के लिए खुदाई शुरू कर दी गई है. यह काम भोपाल मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत किया जा रहा है.
2 साल में पूरा होगा काम
भोपाल अंडरग्राउंड मेट्रो में दो स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें भोपाल और नादरा दो स्टेशन शामिल हैं. इन कॉरिडोर की लंबाई 180-180 मीटर होगी. बताया जा रहा है कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो अंडरग्राउंड मेट्रो निर्माण को 2 सालों में पूरा कर लिया जाएगा. सोमवार को अधिकारियों की मौजूदगी में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन की खुदाई की गई.
बता दें कि नादरा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन को तीन लेवल में विकसित किया जा रहा है. जिससे कि कनेक्टिविटी अच्छी रहे और यहां सफर करने वाले यात्रियों को असुविधा ना हो. इसमें इंटरचेंज का भी ध्यान रखा गया है. मतलब बस और मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों को इंटरचेंज करने में ज्यादा परेशानियों का सामना ना करना पड़े.
ऑरेंज लाइन के तहत हो रहा है निर्माण
दरअसल भोपाल मेट्रो के दूसरे चरण के अंतरर्गत काम चल रहा है. अभी दूसरे चरण में ऑरेंज लाइन बनाई जा रही है. ऑरेंज लाइन को एम्स से करोंद चौराहे तक बनाया जाना है. भोपाल मेट्रो में ऑरेंज लाइन का अंडरग्राउंड रूट पुल पातरा से बड़ा बाग और सिंधी कॉलोनी तक बनेगा. इसके लिए सुरंग बनाई जा रही है. हालांकि मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि सुरंग बनने का एहसास जमीन के ऊपर ज्यादा पता नहीं चलेगा.
अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए 3.39 किमी लंबी इस सुरंग को 6 हिस्सों में तैयार किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक सुरंग को लगभग 20 मीटर गहराई में बनाया जा रहा है. सुरंग बनान के लिए अर्थ प्रेशर बैलेंस (ईपीबी) मशीन को जमीन के अंदर उतारा गया है.