Vistaar NEWS

‘यहां पर तुम्हारी कब्र बना दूंगा, गांव वाले देखते रह जाएंगे’, खंडवा में फॉरेस्ट अधिकारी ने आदिवासी को दी धमकी

Video of deputy ranger threatening tribal man goes viral

डिप्टी रेंजर के आदिवासी को धमकी देने का वाडियो वायरल.

Input- शेख शकील

MP News: खंडवा के एक गांव में अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई. आरोप है कि डिप्टी रेंजर ने एक आदिवासी को उसकी कब्र खोदने की धमकी दी थी. जिसके बाद ग्रामीण गुस्सा गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा. डिप्टी रेंजर एसएस चौहान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह एक आदिवासी को कहते हुए नजर आ रहे हैं कि सपोर्ट करो नहीं तो यहां पर तुम्हारी कब्र बना दूंगा.

‘फालतू बात मत करो, जैसा कह रहा हूं वैसा करो’

पूरा मामला मांधाता विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नरलाय का है. यहां प्रशासन की टीम अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी. बताया जा रहा है कि गांव से लगी करीब 23 एकड़ की राजस्व विभाग की जमीन पर चार से अवैध कब्जा है. ये जमीन वन विभाग को दी गई थी. लेकिन अब वन विभाग की टीम उस अवैध कब्जे को हटाने पहुंची थी. लेकिन इस दौरान कब्जा हटाने को लेकर डिप्टी रेंजर एसएस चौहान की एक आदिवासी से नोकझोंक हो गई. जिसके बाद फॉरेस्ट अधिकारी ने धमकी भरे लहजे में कहा, ‘ज्यादा फालतू बात मत करना. मैं इसी जगह पर तुम्हारी कब्र बना दूंगा. तुम्हारे गांव वाले देखते रह जाएंगे. इसलिए जैसा कह रहा हूं, वैसा करो. सपोर्ट कर रहे हैं, तो सपोर्ट लो. बद्तमीजी मत करो. हम तुम्हारा साथ दे रहे हैं. 4 दिन नहीं 8 दिन रह लो.’

हमारी 4 पीढ़ियां 80 सालों से खेती कर रही

लगभग 85 एकड़ की जमीन पर गांव के 15 से 20 परिवार खेती करते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि वे पीढ़ियों से यहां खेती करते आ रहे हैं. लेकिन वन विभाग सब उजाड़ने में लगा है. गांव में रहने वाले आदिवासी परिवार के अजय बारे और अरुण ने बताया, ‘यह जमीन पहले राजस्व विभाग की थी. अब वन विभाग वाले अपनी जमीन बता रहे हैं. हमारी चार पीढ़ियों का इस जमीन पर कब्जा है. 80 साल यहां खेती करते हो गए हैं. अब अचानक से हम खेती छोड़कर कहां जाएंगे.’

वहीं कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर ममता चौहान, पुनासा तहसीलदार, पटवारी और बड़ी संख्या में वनकर्मी मौजूद रहे. इस दौरान जेसीबी से 10 झोपड़ियां तोड़ी गईं. जमीन पर कंटूर ट्रेंच खोदे गए हैं.

वीडियो वायरल होने पर अधिकारी बोले- गुस्से में निकल गया

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद डिप्टी रेंजर एसएस चौहान ने सफाई देते हुए कहा है कि हमारी टीम अतिक्रमण हटाने गई थी. लेकिन मौके पर मौजूद एक युवक ने पत्थर मारने की बात कही थी. इसलिए गुस्सा आ गया था, और गुस्से में मुंह से निकल गया.

फिलहाल वन विभाग ने गांव वालों को कुछ और दिन की मोहलत दी है. वन विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर अतिक्रमण नहीं हटाया तो कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ‘ये सड़क नहीं, तुम्हारा चेहरा है’, पन्ना में 4 महीने पहले बनी रोड उखड़ने पर भड़के विधायक, कहा- CM से शिकायत करने जा रहा हूं

Exit mobile version