‘ये सड़क नहीं, तुम्हारा चेहरा है’, पन्ना में 4 महीने पहले बनी रोड उखड़ने पर भड़के विधायक, कहा- CM से शिकायत करने जा रहा हूं
पन्ना में सड़क उखड़ने पर विधायक ने अधिकारियों और ठेकेदारों की जमकर क्लास लगाई.
Input- सौरभ साहू
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में 4 महीने पहले बनी सड़क उखड़ने पर गुनौर विधायक राजेश वर्मा जमकर भड़के. विधायक ने अधिकारियों के साथ ही ठेकेदारों को भी जमकर क्लास लगाई. विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि ये सड़क नहीं तुम्हारा चेहरा है. ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में सड़क को बर्बाद कर दिया. विधायक ने कलेक्टर से मामले में जांच की मांग की और कहा कि मैं मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत करने जा रहा हूं.
44 करोड़ की लागत से हुआ था सड़क निर्माण
पन्ना जिले में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. सकरिया से दीघोरा तक करीब 29 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण हुआ था. जिसकी लगात 44 करोड़ रुपये से ज्यादा की आई थी. लेकिन अब सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है. इस निर्माण में भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. मामला इतना बढ़ा कि गुनौर से बीजेपी विधायक राजेश वर्मा को विधानसभा से लेकर लोक निर्माण मंत्रालय तक पत्र लिखना पड़ा. लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों ने शिकायतों को नजरअंदाज करते हुए ठेकेदार को क्लीन चिट दे दी और निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया.
‘एक सड़क स्वीकृत कराने में प्राण निकल जाते हैं’
शिकायत के बाद भी जब सड़क निर्माण सही से नहीं किया गया तो विधायक खुद मौके पर पहुंचे और PWD अधिकारियों को बुलाकर सड़क की हकीकत दिखाई. इस दौरान उन्होंने अधिकारी को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि मिश्रा जी ये सड़क नहीं आपका चेहरा है. विधायक ने कहा कि एक सड़क स्वीकृत करवाने में प्राण निकल जाते हैं. लेकिन ज्यादा कमाने के चक्कर में पूरी सड़क बर्बाद कर दी. इसके साथ ही गुस्साए विधायक राजेश वर्मा ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत करने जा रहा हूं.
बता दें कि यह सड़क विधायक राजेश वर्मा और सांसद वीडी शर्मा के प्रयासों से केंद्र के सीआरएफ फंड से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकृत की थी. सड़क की गुणवत्ता को लेकर सांसद से भी कई बार शिकायत की गई लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और ठेकेदार पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा.
ये भी पढे़ं: MP News: शादी के कार्ड से नहीं मिलेगा सिलेंडर, अब कैटर्स की बुकिंग के आधार पर दिया जाएगा; जानें क्या है नया नियम