Vistaar NEWS

MP News: पानी भरने गई नाबालिग छात्रा का दो सगे भाइयों ने किया अपहरण, जंगल में बंधक बनाकर कहा- शादी करो

Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

Minor Girl Kidnapped by Two Brothers: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है. छात्रा पानी भरने गई थी, तभी दो सगे भाई छात्रा को जबरन बाइक पर बिठाकर अपने साथ जंगल ले गए. यहां उन्होंने छात्रा पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया. कई घंटों तक बंधक बनाने के बाद डर के कारण आरोपियों ने छात्रा को छोड़ दिया. जिसके बाद कई दिनों तक छात्रा घर में गुमसुम रही. इसके बाद जब परिजनों ने छात्रा से कारण पूछा तो मामले में पूरा खुलासा हुआ.

ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो डरकर नाबालिग को छोड़ा

पूरा मामला मोहना थाना क्षेत्र का है. यहां 29 अप्रैल को शाम करीब 6 बजे नाबालिग अपने घर के पास एक कुएं में पानी भरने गई थी. तभी पड़ोस में ही रहने वाला एक युवक धीरज पाल वहां आ धमका. उसने नाबालिग को अपने साथ चलने के लिए कहा. लेकिन छात्रा ने जाने से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी धीरज पाल ने अपने भाई नेपाल सिंह बघेल को बुला लिया. दोनों भाइयों ने मिलकर नाबालिग को जबरन बाइक पर बिठाया और सहसारी के घने जंगल में ले गए.

जंगल में आरोपी नाबालिग छात्रा पर शादी करने का दबाव बनाने लगे. लेकिन तभी आरोपी भाइयों को पता चला कि छात्रा के परिजनों और गांव के लोगों ने तलाश शुरू कर दी है. डर के कारण उन्होंने लगभग साढ़े तीन घंटे के बाद छात्रा को बीच रास्ते में ले जाकर छोड़ दिया.

डर के कारण 5 दिनों तक छात्रा ने कुछ नहीं बताया

आरोपियों ने ग्रामीणों के डर से छात्रा को छोड़ तो दिया, लेकिन दोनों भाइयों ने छात्रा को धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे. इसके बाद छात्रा घर पहुंचने के बाद डरी, सहमी गुमसुम रहने लगी. छात्रा की हालत को देखकर 5 दिनों के बाद माता-पिता ने जब समझाइश देकर पूछा तो उसने पूरी आपबीती सुनाई. इसके बाद माता-पिता छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और वहां पर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई.

फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज करने के बाद आरोपी धीरज पाल और उसके भाई नेपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

ये भी पढ़ें: ‘ममता बनर्जी अब कहां रह गईं…’, CM मोहन यादव बोले- मैं भी शपथ समारोह में जा रहा हूं

Exit mobile version