Vistaar NEWS

MP News: देर रात मुरैना के कुल्हाड़ा घाट रेत खदान पर कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण, अवैध खनन पर दिए सख्ती के निर्देश

Administration's strictness on illegal mining

अवैध खनन पर प्रशासन की सख्‍ती

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण तथा खनन गतिविधियों के नियमानुसार संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने देर रात लगभग 2 बजे कुल्हाड़ा घाट रेत खदान का औचक निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा एवं खनिज अधिकारी सुखदेव निर्मल भी उपस्थित रहे.

सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खदान क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों, रेत परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा मानकों एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के पालन की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

खदान में उपलब्ध व्‍यवस्‍थाओं का किया अवलोकन

कलेक्टर जांगिड़ ने खदान क्षेत्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए रेत परिवहन की निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा शासन की महत्वपूर्ण धरोहर है और इसके संरक्षण के साथ-साथ राजस्व हितों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस अधीक्षक ने रखी निगरानी

इस दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेत घाटों एवं परिवहन मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जाए.उन्होंने कहा कि अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. पुलिस और प्रशासन का संयुक्त अमला लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था एवं खनिज नियमों के पालन को सुनिश्चित करेगा.

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने मौके पर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश देते हुए संबंधित अमले को शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा. जिला प्रशासन द्वारा खनिज गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे खनन कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके.

ये भी पढे़ं- MP News: महिला पार्क बना अतिक्रमणकारियों का अड्डा, करोड़ों की सौगात चढ़ी बदहाली की भेंट

Exit mobile version