Datia By Election 2026 Live: दतिया उपचुनाव के लिए शुरू हुई वोटिंग, सवा दो लाख मतदाता चुनेंगे अपना विधायक
दतिया उपचुनाव के लिए आज मतदान
Datia By Election 2026 Live: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान कराया जा रहा है. मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा. निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस चुनाव में कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. इनमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरुष, 1 लाख 4 हजार 284 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं.
पूरे विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 185 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में और 106 केंद्र शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं. सुरक्षा की दृष्टि से 233 केंद्रों को क्रिटिकल और 28 केंद्रों को वल्नरेबल श्रेणी में रखा गया है. चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूरे क्षेत्र को 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. इसके अलावा मतदान को सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए 1280 मतदानकर्मी और 215 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं.
इस उपचुनाव में कुल 21 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. भारतीय जनता पार्टी ने आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया है. वहीं दामोदर यादव भी मुकाबले को रोचक बनाने की कोशिश में हैं. इनके अलावा 18 अन्य प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. अब सभी उम्मीदवारों की जीत-हार का फैसला दतिया के मतदाता करेंगे. मतदान के बाद मतगणना 3 अगस्त को होगी, जिसके साथ ही उपचुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे.