बेटे ने 40 हजार के लिए कर दी पिता की हत्या, 11 महीने बक्से में छिपा रखी थी लाश, बेटा-ताऊ गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
Datia Crime News: (निशांत तिवारी की रिपोर्ट) मध्य प्रदेश के दतिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. करीब 11 महीने पुराने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए बड़ौनी थाना पुलिस ने मृतक के सगे बेटे नितिन सिंह बुन्देला और उसके ताऊ कल्ली उर्फ अस्पेन्द्र सिंह बुन्देला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने खुलासा होने के महज एक घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. जिसका खुलासा आज एसपी दतिया ने किया.
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार, ग्राम छता निवासी शिवसिंह ने 28 जून को अपने भाई उदयभान सिंह के करीब 11 महीने से लापता होने की सूचना दी थी. जांच के दौरान मृतक के बेटे नितिन पर संदेह गहराया. पूछताछ में उसने पहले कहानी गढ़ी कि ट्रैक्टर के कल्टीवेटर का फाल सिर पर गिरने से पिता की मौत हुई और डर के कारण उसने शव को घर में रखे एक बक्से में छिपा दिया था.
लेकिन जब पुलिस ने सामली नदी से बरामद हड्डियों, कपड़ों और अन्य साक्ष्यों की एफएसएल जांच कराई तो रिपोर्ट ने आरोपी की झूठी कहानी की पोल खोल दी. इसके बाद सख्ती से पूछताछ में नितिन टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
40 हजार रुपये के लिए हत्या
आरोपी ने बताया कि उसके पिता ने ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए उसे 40 हजार रुपये दिए थे. जब पिता लगातार पैसों का हिसाब मांगने लगे तो अगस्त 2025 में उसने सोते समय कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को घर के बक्से में छिपाकर पूरे गांव और परिजनों को यह कहता रहा कि उसके पिता काम के सिलसिले में मुंबई चले गए हैं. करीब छह महीने बाद उसने अपने ताऊ कल्ली उर्फ अस्पेन्द्र सिंह को पूरी घटना बताई. इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को कथरी में लपेटा और सामली नदी में फेंक दिया, ताकि हत्या का कोई सबूत न बच सके.
ये भी पढ़ें: ‘तुझे नीले ड्रम में पैक करवा दूंगी…’, पति ने पुलिस से मांगी सुरक्षा, बोला – पत्नी इंस्टाग्राम पर धमकी दे रही है
बड़ौनी थाना पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर हत्या का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर हड्डियां, खाट, कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं. पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.