डिंडोरी: पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला

Dindori: कनई सांगवा गांव के ग्रामीणों ने पानी की गंभीर समस्या से परेशान होकर जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया है.
Dindori

ग्रामीणों का प्रदर्शन

Dindori/अनिल साहू: डिंडोरी जिले में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला है, जिला मुख्यालय से लगा हुआ कनई सांगवा गांव के ग्रामीणों ने पानी की गंभीर समस्या से परेशान होकर जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया है. प्रदर्शन में बड़ी तादात में महिला,बुजुर्ग और युवा शामिल रहे.

वाहनों की लगी कतार

नेशनल हाइवे में सड़क जाम होने की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे से ज्यादा यातायात प्रभावित रहा.

महीने भर से गांव में पानी की किल्लत

कनई सांगवा गांव के ग्रामीणों का आरोप है, कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है. कई हैंडपंप खराब या सूख चुके हैं. जबकि नल-जल योजना से भी पानी उपलब्ध नहीं हो रहा जिसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है. कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का निराकरण न होने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और चक्काजाम कर दिया.

मौक़े पर पहुंचा प्रशासनिक अमला

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. इस दौरान क्षेत्रीय विधायक ओमकार मरकाम भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं विधायक ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है उन्होंने संबंधित विभागों से तत्काल समाधान सुनिश्चित करने की मांग की.

आश्वासन के बाद खुला जाम

घंटो चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को जल्द समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका. हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है, कि यदि जल्द ही जल संकट का समाधान नहीं हुआ तो वे और बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.

ये भी पढ़ेंः NEET परीक्षा की धांधली को लेकर राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ शुरू किया, जीतू पटवारी बोले- छात्रों से संवाद करके जनआंदोलन करेंगे

ज़रूर पढ़ें