MP News: मुरैना में मौत के साए में काम करने को मजबूर कर्मचारी, जर्जर भवन में चल रहा शिक्षा विभाग का कार्यालय
जर्जर भवन में चल रहा शिक्षा विभाग का कार्यालय
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में संचालित कई शाखाएं इन दिनों जर्जर भवनों में संचालित हो रही हैं, जहां कर्मचारी हर दिन जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं. भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और कई स्थानों पर पेड़ों की जड़ें दीवारों को चीरकर बाहर निकल आई हैं.
जर्जर भवन में बैठकर काम कर रहे कर्मचारी
जानकारी के अनुसार मान्यता शाखा, शिकायत शाखा, पुरानी परीक्षा शाखा सहित अन्य कार्यालय किराए की बिल्डिंग में संचालित हो रहे हैं. इन कार्यालयों में करीब 30 से 40 कर्मचारी कार्यरत हैं, जो जर्जर भवन में बैठकर सरकारी कामकाज निपटा रहे हैं.
सूचना के बाद भी कार्रवाई नहीं
कर्मचारियों का कहना है कि भवन की स्थिति लंबे समय से खतरनाक बनी हुई है. कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पत्राचार भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मजबूरी में उन्हें यहां काम करना पड़ रहा है क्योंकि वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई है.
प्रशासन से की सुरक्षित स्थान की मांग
वहीं, कर्मचारियों का आरोप है कि जहां एक ओर अधिकारी अपेक्षाकृत बेहतर और सुरक्षित कार्यालयों में कार्य कर रहे हैं, वहीं अधीनस्थ कर्मचारियों को जर्जर भवनों में बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है. बारिश के मौसम में भवन की स्थिति को लेकर कर्मचारियों में और अधिक चिंता बनी हुई है.
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले जर्जर भवन को खाली कराकर सुरक्षित स्थान पर कार्यालय संचालित कराया जाए तथा भवन की तकनीकी जांच कराई जाए.
ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे रेत माफिया, चंबल में रातभर चला अवैध खनन