ग्वालियर: चलती गाड़ी में बैंक मैनेजर को आया हार्ट अटैक, 6 वाहनों को मारी टक्कर, कई घायल
ग्वालियर रोड एक्सीडेंट
मध्य प्रदेश के ग्वालियर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. शहर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार को चलती कार में एक मैनेजर को अचानक हार्ट अटैक आ गया. जिसके बाद वाहन अनियंत्रित हो गया. बेकाबू कार ने सड़क पर चल रहे वाहनों को टक्कर मार दी. इस हादसे में करीब एक दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में एक महिला समेत कुछ लोग घयाल हुए हैं.
अस्पताल में जारी है बैंक मैनेजर का इलाज
ये घटना यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. कार चला रहे बैंककर्मी की पहचान गिर्राज बघेल के रूप में हुई है. वह सिटी सेंटर स्थित यूनियन बैंक की शाखा में कार्यरत हैं. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. बैंक मैनेजर को तुरंत आनन-फानन में चिरायु अस्पताल पुंहचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है.
तेज रफ्तार में आ रही थी कार
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में आ रही थी. इसी दौरान सड़क पर बने ब्रेकर से उछलकर उसने एक वाहन को टक्कर मार दी. टक्कर से वाहन चालक सड़क पर गिर गया और उसके हाथ में चोट आई. इसके बाद वाहन चालक ने गाड़ी को मोड़ा और आगे बढ़ते हुए अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मार दी. इस घटना में देखते-देखते कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
महिला गंभीर रूप से घायल
इस हदासे में एक महिला को गंभीर चोटें आई है. साथ ही अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय कार चालक बेहोशी की हालत में नजर आ रहा था. आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. हादसे के कारण कुछ देर तक इलाके में यातायात प्रभावित रहा.


