ग्वालियर में युवती को निर्वस्त्र करने का मामला, वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने जांच शुरू की
सांकेतिक तस्वीर
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर के कैलाश नगर इलाके में युवती को सरेराह निर्वस्त्र करने का मामला सामने आया है. एक लड़के ने बीच सड़क एक युवती को पकड़कर उसकी टी-शर्ट फाड़कर अर्धनग्न कर दिया. इस घटना का cctv भी सामने आया है. स्थानीय लोगों ने यहां की होटलों में अनैतिक काम होने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है.
युवती के साथ दुर्व्यवहार किया गया
ग्वालियर के कैलाश विहार इलाके में एक युवती को अर्धनग्न किए जाने का CCTV सामने आने से सनसनी फैल गई. कैलाश विहार की होटल से एक युवती ट्रॉली बैग और हैंड बैग लेकर बाहर निकलते दिखी. उसके पीछे होटल से तीन-चार लड़के निकलते हैं. उनमें से एक लड़का आकर युवती का हाथ पकड़कर खींचता है और दूर तक ले जाता है. इसके बाद दोनों में बीच सड़क पर बहस होती नजर आ रही है. खींचतान के दौरान युवती सड़क पर गिर जाती है, युवक उसका हाथ पकड़कर टी-शर्ट को जोर से खींच देता है.
‘होटलों में हो रही अनैतिक गतिविधियां’
कपड़े फटने के बाद युवती किसी तरह खुद को संभालती है और अपने कपड़े ठीक करती है. इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहते हैं. इस घटना के बाद कैलाश नगर में रहने वाले लोगों ने भी पुलिस से शिकायत की. इन लोगों का कहना है कि कैलाश नगर में चार होटल हैं, जिनमें अनैतिक काम होते हैं और इससे उनके परिवारों का रहना मुश्किल हो रहा है. आये दिन अनैतिक गतिविधियों हो रही हैं.
ये भी पढ़ें: Morena: जमीन के विवाद में दंडवत होकर जनसुनवाई पहुंचा युवक, CEO के पैर पकड़कर लगाई न्याय की गुहार
मामले की जांच जारी है – पुलिस
वायरल वीडियो पुलिस के पास भी पहुंचा है, ASP ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है. इसमें युवक-युवती के बीच झगड़ा और खींचतान दिखाई दे रही है. वीडियो 12 जुलाई का बताया जा रहा है, थाना प्रभारी को जांच और तस्दीक के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.