Gwalior Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार रात शीतला माता मंदिर के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया. चीनौर रोड पर ढलान के नजदीक भूसे से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया.
हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए. मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं और पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मृतकों के परिजनो को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये
हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी दुख जताया. सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. वहीं गंभीर घायलों को 2 लाख और अन्य घायलों को 50 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दी जाएगी. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्री एदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए.
ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। मंत्रीद्वय श्री @Aidalsinghkbjp जी और @RakeshShukla_12 जी को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। ॐ शांति!
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 18, 2026
हादसे में 11 मृतकों की पहचान
इस हादसे के बाद 11 मृतकों की पहचान हुई है. इसमें सत्येंद्र गुर्जर, सरला तोमर, गौरव परिहार, महेश शर्मा, विमलेश, देवेश बघेल, प्रिंस उर्फ छोटू जाटव, शौर्य शर्मा, हेमंत राठौड़, दिव्यांश और पवन शामिल है.
दीवर के मलबे में दबे 40 से 45 लोग
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. जानकारी के मुताबिक, सप्तमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे. इसी दौरान बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. ट्रक की टक्कर से मंदिर के प्रवेश द्वार की दीवार भी ढह गई, जिसके मलबे में करीब 40 से 45 लोग दब गए.
हादसे के कारणों की जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया. मृतकों के शव और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
कलेक्टर रुचिका चौहान के मुताबिक, ट्रक श्रद्धालुओं और दुकानों को कुचलने के बाद मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया था. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन की तैयारियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढे़ं- दुर्गा पूजा के बीच भगदड़ से 17 लोगों की मौत! कोलकाता में पंडाल गिरने से हादसा, 50 से ज्यादा घायल
