दतिया उपचुनाव: ‘BJP में टिकट मिलने के बाद बदलने की परंपरा नहीं…’, बोले कैलाश विजयवर्गीय, जगदीश देवड़ा ने कहा- संगठन हमारे लिए सर्वोपरि
नरोत्तम मिश्रा और कैलाश विजयवर्गीय
Datiya By-Poll: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है और डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट मिलने की चल रही सभी चर्चाओं पर पूर्ण विराम लग गया है. इसके बाद उनके समर्थकों ने दतिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. वहीं, नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों के इस प्रदर्शन को गलत बताते हुए कहा कि पार्टी फोरम के अनुसार ही काम करना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट का निर्णय पूरी तरह पार्टी का है.
पार्टी के अंदर लोकतंत्र है – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने और उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के अंदर लोकतंत्र है. भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता इतना अनुशासित है कि यदि एक बार उन्हें बैठाकर बात की जाएगी तो सभी साथ आ जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि आशुतोष तिवारी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे और कहा कि वह अभी से इसकी भविष्यवाणी कर रहे हैं.
पार्टी सोच-समझकर निर्णय लेती है
नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों की नाराजगी को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत छोटी बात है और इसे हम संभाल लेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी हर निर्णय सोच-समझकर लेती है, इसलिए भाजपा पूरे दमखम के साथ चुनाव जीतेगी. उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी पूरी निष्ठा से काम करेंगे. वह भाजपा के अच्छे और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं.
230 सीटों पर 2000 लोग तैयारी करते हैं, सभी को टिकट नहीं मिलता
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि चुनाव की तैयारी तो बहुत लोग करते हैं. प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं और लगभग 2000 लोगों ने टिकट के लिए तैयारी की होती है, लेकिन सभी को टिकट नहीं मिल सकता. उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है और पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसका सभी पालन करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि एक बार टिकट घोषित होने के बाद भाजपा में उसे बदलने की परंपरा नहीं रही है, इसलिए उन्हें नहीं लगता कि इस बार भी टिकट बदला जाएगा.
संगठन हमारे लिए सर्वोपरि है – उपमुख्यमंत्री
वहीं, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के मुद्दे पर कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर लिया गया निर्णय भारतीय जनता पार्टी का निर्णय है, जिसे सभी शिरोधार्य करते हैं. उन्होंने कहा कि संगठन उनके लिए सर्वोपरि है और पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसका सभी नेता और कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करेंगे.
नरोत्तम मिश्रा अनुभवी नेता, बातचीत से दूर होगी नाराजगी
जगदीश देवड़ा ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं. उन्होंने संगठन और सरकार में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है तथा संगठन की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं. यदि कहीं किसी प्रकार की छोटी-बड़ी नाराजगी है, तो उसका समाधान पार्टी स्तर पर आपसी संवाद के माध्यम से कर लिया जाएगा. ऐसी कोई स्थिति नहीं बनेगी, जिससे संगठन प्रभावित हो.
चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं – जगदीश देवड़ा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में उम्मीदवार की घोषणा अवश्य होती है, लेकिन चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरी पार्टी का होता है. दतिया उपचुनाव में भाजपा के सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पारिवारिक भावना तथा पूर्ण एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे. पूरा संगठन एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय सुनिश्चित करेगा.
ये भी पढे़ं- Datiya By-Poll: दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद समर्थकों ने काटा बवाल, नरोत्तम मिश्रा ने क्या कहा?