MP News: मुरैना में बंदूक की नोक पर डकैती, महिला से मारपीट कर 10 लाख नकद और जेवर लूटे, 12 घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं

MP News: कैलारस क्षेत्र के चिन्नौनी थाना अंतर्गत बर्रेंड गांव में नकाबपोश बदमाशों ने देर रात एक घर में घुसकर बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया.
Chinnauni Police Station

चिन्नौनी थाना

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. कैलारस क्षेत्र के चिन्नौनी थाना अंतर्गत बर्रेंड गांव में नकाबपोश बदमाशों ने देर रात एक घर में घुसकर बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया.

आरोप है कि बदमाशों ने घर के अंदर सो रही महिला के साथ मारपीट की, उसे हथियार दिखाकर आतंकित किया और करीब 10 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए.वारदात में घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैलारस में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

परिजनों का आरोप, 12 घंटे बाद भी दर्ज नहीं हुई FIR

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन घटना के लगभग 12 घंटे बाद भी चिन्नौनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया. परिवार का कहना है कि पुलिस कार्रवाई में लापरवाही बरत रही है, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है.

पुलिस ने कहा- मामले की जांच जारी

इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. चिन्नौनी थाना पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की तहकीकात में जुटी हुई है.

यदि पीड़ित परिवार के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है. वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.

ये भी पढे़ं- Morena: सड़क निर्माण की मांग पर अनशन कर रहे नवनीत तोमर की गिरफ्तारी, भड़का जनाक्रोश, ग्रामीणों और युवाओं ने संभाला मोर्चा