Gwalior: ऑनलाइन लोन का झांसा देकर युवक से 1.10 लाख की ठगी, अश्लील फोटो बनाकर किया ब्लैकमेल
साइबर फ्रॉड
Gwalior News: ग्वालियर में ऑनलाइन लोन के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर लोन का विज्ञापन देखकर एक युवक ने ऐप के जरिए रकम उधार ली थी. शुरुआत में उसने छोटे लोन लिए और समय पर भुगतान भी कर दिया, लेकिन इसके बाद साइबर ठगों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया.
आरोपियों ने उसके मोबाइल से निजी डेटा और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर तस्वीरों से छेड़छाड़ की और अश्लील फोटो बना दीं. इन्हें रिश्तेदारों और परिचितों को भेजने की धमकी देकर ठगों ने युवक से 1.10 लाख रुपये वसूल लिए.
फेसबुक विज्ञापन देखकर लिया लोन
थाटीपुर थाना क्षेत्र निवासी पारस गुर्जर ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2026 में उसने फेसबुक पर ऑनलाइन लोन देने वाले ऐप का विज्ञापन देखा था. इसके बाद उसने पहले 5 हजार और फिर 10 हजार रुपये का लोन लिया. पारस के मुताबिक दोनों लोन की रकम उसने तय समय पर पूरी चुका दी थी. उसे लगा था कि भुगतान के बाद मामला खत्म हो जाएगा.
भुगतान के बाद भी जारी रही पैसों की मांग
लोन चुकाने के बावजूद ऐप से जुड़े लोग उससे लगातार पैसे मांगने लगे. पारस ने जब उन्हें बताया कि वह पूरी रकम वापस कर चुका है तो आरोपियों ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. कुछ समय बाद उन्होंने पैसों की मांग के साथ उसे डराना और धमकाना भी शुरू कर दिया.
तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बनाया दबाव
पीड़ित का आरोप है कि साइबर ठगों ने उसके मोबाइल की निजी जानकारी और कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच बना ली. इसके बाद उसकी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील फोटो तैयार की गईं. आरोपियों ने ये तस्वीरें पारस को भेजीं और धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर उन्हें उसके रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के मोबाइल पर भेज दिया जाएगा.
बदनामी के डर से देता रहा रकम
अश्लील फोटो सामने आने के बाद पारस घबरा गया. उसे डर था कि तस्वीरें परिवार और परिचितों तक पहुंचने से उसकी बदनामी होगी. इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी बार-बार पैसे मांगते रहे. पारस ने उनके बताए ऑनलाइन खातों में कई बार रकम भेजी. इस तरह ठगों ने उससे कुल 1.10 लाख रुपये ले लिए.
मांग नहीं रुकी तो पुलिस में शिकायत
रकम देने के बाद भी आरोपियों की मांग बंद नहीं हुई. परेशान होकर पारस ने थाटीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. सीएसपी संदीप बांगड़े ने बताया कि युवक ने ऑनलाइन लोन लेने के बाद अश्लील फोटो दिखाकर ब्लैकमेल किए जाने की जानकारी दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित नंबरों और लेनदेन की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढे़ं- Gwalior News: नगर निगम की टेंडर शाखा से DSC डोंगल चुराते CCTV में कैद हुए भाजपा पार्षद, अब दर्ज होगी FIR