MP News: भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद विवाद में HC के जज ने किया निरीक्षण, 2 अप्रैल को होगी सुनवाई

भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद परिसर को लेकर आधिपत्य का विवाद लंबे समय से चल रहा है, जो वर्तमान में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में विचाराधीन है. इस मामले की अगली महत्वपूर्ण सुनवाई 2 अप्रैल को निर्धारित है.
File Photo

File Photo

Input- जफर अली

MP News: धार की ऐतिहासिक भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बहुचर्चित और न्यायालय में विचाराधीन मामले को लेकर आज इंदौर खंडपीठ के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला ने स्थल का निरीक्षण किया. न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला करीब 55 मिनट तक भोजशाला कमाल मौला मस्जिद परिसर में रहे और इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर का बारीकी से अध्ययन किया. उनके साथ धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारी भी मौजूद रहे.

ASI अधिकारियों से ऐतिहासिक इमारत की जानकारी मांगी

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद के ऐतिहासिक पक्ष को समझने का प्रयास किया. उन्होंने परिसर के विभिन्न हिस्सों में जाकर स्तंभों, शिलालेखों और संरचनात्मक विशेषताओं का अवलोकन किया. साथ ही ASI अधिकारियों से इस ऐतिहासिक इमारत से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की.

मामले में अगली सुनवाई 2 अप्रैल को निर्धारित की गई

इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात रहा और आम लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई, ताकि निरीक्षण प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.

भोजशाला–कमाल मौला मस्जिद परिसर को लेकर आधिपत्य का विवाद लंबे समय से चल रहा है, जो वर्तमान में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में विचाराधीन है. इस मामले की अगली महत्वपूर्ण सुनवाई 2 अप्रैल को निर्धारित है.

सुनवाई से पहले जज का दौरा महत्वपूर्ण

ऐसे में सुनवाई से ठीक पहले न्यायमूर्ति का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. माना जा रहा है कि स्थल निरीक्षण के आधार पर न्यायालय में होने वाली सुनवाई के दौरान तथ्यात्मक स्थिति को और स्पष्ट रूप से समझने में मदद मिलेगी.

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर सभी पक्षों की नजर बनी हुई है और आगामी सुनवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.

ये भी पढ़ें: MP News: गेहूं किसानों के लिए खुशखबरी… इन संभागों में 1 अप्रैल से शुरू होगी खरीद, मिलेगा ₹40 प्रति क्विंटल बोनस

ज़रूर पढ़ें