MP News: देश की पहली किन्नर शंकराचार्य बनीं हिमांगी सखी, 60 धर्मांतरण किन्नरों की घर वापसी
पहली किन्नर शंकराचार्य हिमांगी सखी का पट्टाभिषेक किया गया
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शिवरात्रि पर भव्य किन्नर धर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में देश की पहली किन्नर शंकराचार्य हिमांगी सखी का पट्टाभिषेक किया गया. इसके साथ ही 4 जगद्गुरु और 5 महामंडलेश्वर बनाने की घोषणा भी की गई. देश की पहली किन्नर शंकराचार्य बनने वाली हिमांगी सखी मां वैष्णो किन्नर अखाड़ा की प्रमुख हैं.
देशभर के किन्नर, संत, महात्माओं का जमावड़ा लगा
राजधानी भोपाल में रविवार को देशभर के किन्नर, संत और महात्माओं का जमावड़ा लगा. कार्यक्रम में किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास उपस्थित रहे. राजस्थान के पुष्कर पीठ का चयन देश की पहली किन्नर शंकराचार्य पीठ के रूप में किया गया है. इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देश की पहली किन्नर शंकराचार्यक हिमांगी सखी का पट्टाभिषेक किया गया. किन्नर धर्म सम्मेलन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.
धर्मांतरण करने वाले 60 किन्नरों ने की ‘घर वापसी‘
कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम धर्म अपनाने वाले किन्नरों ने फिर से हिंदू धर्म में वापसी की है. कार्यक्रम में इसकी घोषणा करते हुए बताया गया कि 60 किन्नरों ने धर्मांतरण करके घर वापसी की है. हालांकि आधिकारिक तौर पर प्रशासन की तरफ से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है.
‘जो सनातन धर्म को नहीं अपनाता, उसके लिए पाकिस्तान है’
वहीं पट्टाभिषेक के बाद देश की पहली किन्नर शंकराचार्यक हिमांगी सखी ने कार्यक्रम को संबोधित किया. हिमांगी सखी का एक बयान काफी चर्चा में बना हुआ है. उन्होंने कहा कि जो सनातन धर्म को नहीं अपनाता है, उसके लिए पाकिस्तान बना हुआ है. वो लोग वहां जा सकते हैं.
4 जगद्गुरु और 5 महामंडलेश्वर बनाने की घोषणा
किन्नर धर्म सम्मेलन में 4 जगद्गुरु और 5 महामंडलेश्वर बनाने की घोषणा भी की गई. कार्यक्रम में भोपाल की काजल ठाकुर और संजना, राजस्थान की तनीषा, महाराष्ट्र की संचिता को जगद्गुरु
घोषित किया गया. वहीं सरिता भार्गव, मंजू, पलपल, रानी ठाकुर और सागर को महामंडलेश्वर घोषित किया गया.
ये भी पढे़ं: MP News: जबलपुर में 8.64 लाख की प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप जब्त, नशे के लिए इस्तेमाल होता है सिरप