Indore: NMIMS कॉलेज में वैलेंटाइन डे कार्यक्रम पर हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, विरोध के बाद पुलिस ने रुकवाया इवेंट
इंदौर में बजरंग दल ने किया वैलेंटाइन डे कार्यक्रम का विरोध
Indore News: इंदौर के गांधीनगर क्षेत्र स्थित NMIMS कॉलेज में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब हिंदूवादी संगठनों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता परिसर में पहुंच गए और वैलेंटाइन डे के नाम पर आयोजित कार्यक्रम का विरोध करने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज प्रशासन से कार्यक्रम बंद करवाया.
”बेक सेल” कार्यक्रम के जरिए अश्लीलता फैलाने का आरोप
बजरंग दल के तन्नू शर्मा ने बताया कि 12 फरवरी को कॉलेज में “बेक सेल” नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कई छात्र-छात्राएं शामिल थे. उनका आरोप है कि इस कार्यक्रम के जरिए अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा था, जो भारतीय संस्कृति के खिलाफ है. इसी सूचना पर वे अपने साथियों के साथ कॉलेज पहुंचे और कार्यक्रम रद्द करने की मांग करने लगे.
बजरंग दल कार्यकर्ताओं के हाथ में देखें गए लाठी-डंडे
विरोध के दौरान बजरंग दल से जुड़े कुछ युवाओं के हाथों में प्लास्टिक के डंडे और लाठियां भी देखी गईं. उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम बंद कराने पर जोर दिया.
गांधीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए कार्यक्रम रुकवाया. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे कार्यक्रम निरस्त करने की मांग पर अड़े रहे.
पुलिस ने छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला
डीसीपी कृष्णलाल चंदानी ने बताया कि कुछ लोग कॉलेज परिसर में पहुंचे थे, जहां नारेबाजी और तोड़फोड़ की सूचना मिली. पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची, छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी पहले से पुलिस या प्रशासन को नहीं दी गई थी. इस मामले में नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- अंतरराष्ट्रीय मेहमानों से गुलजार हुआ इंदौर का सिरपुर लेक, हजारों किलोमीटर दूर ठंडे इलाकों से आए प्रवासी पक्षी