इंदौर IMM वैभव सूर्यवंशी पर करेगा केस स्टडी, 15 की उम्र में तूफानी बल्लेबाजी के राज को किया जाएगा डिकोड
वैभव सूर्यवंशी
आईपीएल 2026 का रोमांच खत्म हो चुका है. इस साल लगातार दूसरी बार आरसीबी ने ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया लेकिन पूरे सीजन पर राज करने वाले वैभव सूर्यवंशी भी पीछे नहीं रहे. 15 साल के इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा अवॉर्ड अपने नाम किए है साथ ही अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सबके दिलों पर भी राज किया है. अब इंदौर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में वैभव सूर्यवंशी पर केस स्टडी की जाएगी.
देश की पहली मल्टीडिसीप्लिनरी स्टडी
सबसे बड़ी खास बात तो ये है कि वैभव मॉडल पर ये देश की पहली मल्टीडिसीप्लिनरी स्टडी होने जा रही है. आईआईएम के डायरेक्टर प्रोफेसर हिमांशु रॉय ने बताया कि यह स्टडी केवल वैभव की उपलब्धियों का विश्लेषण करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन सामाजिक, मनोवैज्ञानिक, पारिवारिक और संस्थागत कारकों को भी गहराई से समझेगी जो इतनी कम उम्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को आकार देने में मदद करते हैं.
बचपन के कोच मनीष ओझा ने बताया राज
बचपन के कोच मनीष ओझा द्वारा शुरुआती दिनों में तराशे गए वैभव की तकनीक और बैट स्पीड को निखारने पर अब राजस्थान रॉयल्स के जुबिन भरूचा लगातार काम कर रहे हैं. भारतीय टीम के पूर्व कोच विक्रम राठौर भी वैभव के बल्लेबाजी बैलेंस के मुरीद हो चुके हैं. मैदान पर उनका डिसीजन टाइम महज 0.3 सेकंड का है, जिसके कारण विरोधी गेंदबाजों को संभलने या सेट होने का कोई मौका नहीं मिलता.
कैसा रहा वैभव का ये सीजन
गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स के वैभव ने बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाए है. सलामी बल्लेबाज ने एक ही सीजन में सर्वाधिक 72 छक्के जड़कर क्रिस गेल का 14 साल पुराना 59 छक्कों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. इस सीजन IPL 2026 वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाए थे.
ये भी पढे़ं- रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60 नए SI की तैनाती, शहर के थानों में शुरू होगी फील्ड ट्रेनिंग