MP Weather Today: एमपी में कल से एक्टिव होगा मौसम का नया सिस्टम, IMD ने जारी किया 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश मौसम अपडेट
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और आने वाले चार दिनों यानी 9 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है. सक्रिय टर्फ लाइन और बदलते मौसमीय सिस्टम के चलते प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में असर दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग, भोपाल के अनुसार 7 अप्रैल से एक नया सिस्टम भी सक्रिय हो रहा है, जिससे मौसम और ज्यादा प्रभावित हो सकता है.
कई संभागों में असर की संभावना
सोमवार को ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के करीब 24 जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर बने रहने का अनुमान है. ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, मंडला और बालाघाट जैसे जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है.
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से बढ़ेगा प्रभाव
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में प्रदेश में एक मजबूत सिस्टम सक्रिय है. इसके साथ ही 7 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में और बदलाव आएगा. इसके कारण कहीं तेज हवाएं चलेंगी तो कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है.
पहले भी दिखा मौसम का तीखा रुख
4 और 5 अप्रैल को प्रदेश में मौसम की स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी देखने को मिली थी. कई जिलों में ओलावृष्टि हुई, जबकि 30 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई. कुछ स्थानों पर मौसम का नजारा पहाड़ी इलाकों जैसा दिखाई दिया, जिससे तापमान में गिरावट भी महसूस की गई.
तेज हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
कई जिलों में तेज हवाएं भी चलीं. जबलपुर में हवा की रफ्तार करीब 59 किलोमीटर प्रतिघंटा, सागर में 54 और बड़वानी में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक दर्ज की गई. इसके अलावा शिवपुरी, कटनी और मुरैना जैसे जिलों में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिला.
आने वाले दिनों का अनुमान और अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य जगहों पर यह 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है. 6 से 9 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है. इससे जनजीवन पर असर पड़ने की भी आशंका है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे, किसानों के लिए बड़ा संकट; सागर में बिजली गिरने से एक की मौत