MP News: रायसेन में भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में दिखा PM मोदी की अपील का असर, ईंधन बचाने के लिए स्कूट-रिक्शा से पहुंचे कार्यकर्ता
रायसेन जिले में प्रशिक्षण वर्ग में रिक्शा-स्कूटी से पहुंचे कार्यकर्ता
MP News: रायसेन जिले के सांची स्थित वेदानवी रिसोर्ट में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार से प्रारंभ हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्य विस्तार, विचारधारा और राष्ट्र चेतना जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील का असर भी देखने को मिला.
सीमित संसाधनों के उपयोग का संदेश
प्रशिक्षण में शामिल होने पहुंचे कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी निजी वाहनों के बजाय स्कूटी, ई-रिक्शा और बसों का उपयोग करते नजर आए. कुछ नेता एक ही वाहन में साथ पहुंचे. भाजपा नेताओं ने इसे ऊर्जा संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश बताया.
मोबाइल पार्किंग की विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी. प्रशिक्षण वर्ग में प्रवेश से पहले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन जमा कराए गए. इसके लिए परिसर में अलग से मोबाइल पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई थी.
महाअभियान के तहत हो रहा आयोजन
यह प्रशिक्षण वर्ग भाजपा के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष पंकज जोशी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र शिवाजी पटेल, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन और भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा द्वारा प्रदर्शनी के उद्घाटन और अवलोकन से हुई. इसके बाद वर्ग गीत, दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् और स्वागत सत्र आयोजित किया गया.
संगठनात्मक मजबूती पर जोर
उद्घाटन सत्र में पंकज जोशी ने संगठनात्मक ढांचे और पार्टी की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की. वहीं दूसरे सत्र में मुख्य वक्ता राजेश तिवारी ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और विचार परिवार की भूमिका पर अपने विचार रखे.
राष्ट्र चेतना को मजबूत करने पर फोकस
तीसरे सत्र में सांसद आलोक शर्मा ने कार्य विस्तार पर बोलते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल चुनावी सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्र भावना को मजबूत करना भी है. दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में होगा.
ये भी पढे़ं- MP में काफिला निकालने पर BJP के 7 नेता तलब, PM की अपील के बाद संगठन और सरकार सख्त; प्रदेश अध्यक्ष के सामने देंगे जवाब