Vistaar NEWS

MP News: किसान ने SP से लगाई जमीन पर चल रहे अवैध खनन को हटाने की गुहार, पुलिस-प्रशासन पर लगाए संरक्षण देने के आरोप

Application Submitted to SP to Put an End to Illegal Mining

अवैध खनन को खत्म करने के लिए एसपी को दिया आवेदन

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले में अवैध खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. बानमोर थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ावली निवासी अमर सिंह राठौर ने पुलिस अधीक्षक और जिला खनिज अधिकारी को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि उनकी निजी कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध तरीके से पत्थरों का खनन किया जा रहा है. किसान ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है.

किसानों की जमीन पर हो रहा अवैध उत्खनन

पीड़ित किसान के अनुसार, सर्वे नंबर 941/10 स्थित उनकी कृषि भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है और वहां लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा है. शिकायत में पत्रकार कोक सिंह पर भी भूमि से पत्थर निकलवाने का आरोप लगाया गया है. अमर सिंह राठौर का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.

विरोध करने पर आरोपियों ने की मारपीट की कोशिश

किसान ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अवैध खनन का विरोध किया तो आरोपियों द्वारा गाली-गलौज की गई, मारपीट की कोशिश की गई और जान से मारने की धमकी तक दी गई. पीड़ित का यह भी कहना है कि खनन माफियाओं को स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते खुलेआम अवैध खनन जारी है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है.

पीड़‍ित के नाबालिग बेटे से की अभद्रता

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पीड़ित के नाबालिग बेटे के साथ अभद्रता की गई और उस पर हमला करने का प्रयास किया गया. इस घटना के बाद परिवार में भय का माहौल बना हुआ है. किसान ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी भूमि को अतिक्रमण व अवैध खनन से मुक्त कराया जाए.

मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में अवैध खनन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस और खनिज विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं.

ये भी पढे़ं- दमोह में जनसुनवाई में फूटा लोगों का गुस्सा! मटके लेकर पहुंचीं महिलाएं, पेयजल को लेकर रखी अपनी मांग

Exit mobile version