MP Weather Update: मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी, एमपी में पारा 39 डिग्री पार; अगले चार दिन और बढ़ेगा तापमान
मौसम समाचार
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. तापमान में अचानक बढ़ोतरी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है. गुरुवार को नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है.
मार्च की शुरुआत में ही बढ़ा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर प्रदेश में 15 मार्च के बाद तेज गर्मी का दौर शुरू होता है, लेकिन इस साल मौसम का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है. मार्च के दूसरे पखवाड़े की बजाय महीने की शुरुआत में ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के शहरों में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है.