इंदौर में गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट, 4 झुलसे; सभी को अस्पताल पहुंचाया गया

बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस रिसाव शुरू हुआ. कुछ ही देर बाद गैस ने आग पकड़ ली और जोरदार धमाका हो गया. विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए.
Four people were injured in a gas pipeline blast in Indore.

इंदौर में गैसपाइप लाइन में ब्लास्ट में 4 लोग झुलसे.

MP News: इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुमन नगर स्थित जैन मंदिर के पास मंगलवार को अवंतिका गैस लिमिटेड की गैस पाइपलाइन में बड़ा विस्फोट हो गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रहवासी दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में एक महिला सहित चार लोग झुलस गए हैं. सभी घायलों को तत्काल बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठने लगीं

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक वार्ड क्रमांक 31 के पार्षद बालमुकुंद सोनी द्वारा बीसीएम हाइट्स के पीछे सुमन नगर में जैन मंदिर के पास वाटर रिचार्जिंग के लिए गड्ढा खुदवाया जा रहा था. बताया जा रहा है कि निगम की मशीन से खुदाई के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. पाइपलाइन फटने से गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में गैस ने आग पकड़ ली, जिससे तेज धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं.

गैस सप्लाई बंद कर पाइपलाइन की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, अवंतिका गैस कंपनी की टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया. गैस सप्लाई बंद कर पाइपलाइन की जांच शुरू कर दी गई है.

खुदाई को माना जा रहा है हादसे की वजह

फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं. प्रारंभिक तौर पर अवैध बोरिंग और बिना आवश्यक अनुमति के की जा रही खुदाई को हादसे की वजह माना जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रेत माफियाओं पर कार्रवाई, मुरैना में 500 बाउंड ओवर, 20 जिलाबदर; 90 से ज्यादा पर केस

ज़रूर पढ़ें