आलीराजपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल, मरीजों के बेड पर आवारा कुत्ते ने किया कब्जा
आलीराजपुर जिला अस्पताल
रिपोर्ट-मनीष अरोडा
Alirajpur Hospital Negligence: मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. आजाद नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिस बेड पर मरीजों को भर्ती करके इलाज मिलना चाहिए, उसी बेड पर एक आवारा कुत्ता आराम से सोता हुआ मिला. इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है.
अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.बताया जा रहा है कि कुत्ता काफी देर तक वार्ड के अंदर ही घूमता रहा और फिर एक खाली बेड पर जाकर सो गया.उसके शरीर के बाल झड़े हुए थे, जिससे लग रहा था कि वह किसी चर्म रोग से ग्रसित है. दोपहर 12 बजे तक भी वह वहीं पड़ा रहा. इस दौरान वार्ड में स्टाफ, नर्स और अन्य लोग आते-जाते रहे, लेकिन किसी ने उसे बाहर निकालने की कोशिश नहीं की.
मरीजों में संक्रमण फैलने का खतरा
मरीजों और उनके परिजनों में भी इसको लेकर डर का माहौल रहा।अस्पताल में इस तरह आवारा जानवरों का घुसना कोई पहली घटना नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र का मुख्य गेट अक्सर खुला रहता है और अंदर आने-जाने पर कोई रोक-टोक नहीं है. वार्ड में सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं है. ऐसे में मरीजों के लिए संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है.
छोटे बच्चों के लिए स्थिति ज्यादा खतरनाक
खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्ग मरीजों के लिए यह स्थिति ज्यादा खतरनाक हो सकती है.पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश वास्केल ने इस मामले पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि इस तरह के बीमार कुत्तों के संपर्क में आने से लोगों को खुजली और स्केबीज जैसी बीमारी हो सकती है. कुत्ते के बाल और उसके शरीर से गिरने वाले कण बेड की चादर पर रह जाते हैं. अगर उसी बेड पर किसी मरीज को लिटा दिया जाए तो उसे संक्रमण फैलने का पूरा खतरा रहता है.



