MP News: केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर के घर के सामने बैठे BJP विधायक, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का किया ऐलान
मंत्री सावित्री ठाकुर और भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर
रिपोर्ट – जफर अली
MP News: धार जिले की धामनोद नगर की राजनीति में एक सोशल मीडिया पोस्ट से बड़ा सियासी भूचाल आ गया है. यहां लड़ाई विपक्ष से नहीं, बल्कि भाजपा के ही दो बड़े दिग्गज जनप्रतिनिधियों के भीतर ही छिड़ गई है. धरमपुरी क्षेत्र से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर ने अपनी ही पार्टी की केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के निवास के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान कर दिया है.
विधायक कालू सिंह ठाकुर ने 9 अक्टूबर 2026 से हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है. मामला धामनोद नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई से जुड़ा है. विधायक का आरोप है कि सीएमओ के भ्रष्टाचार और कार्यप्रणाली से नगर का विकास ठप पड़ा है और जनता परेशान है.
कलेक्टर, एसडीएम को कई बार कराया अवगत
विधायक कालू सिंह ठाकुर का कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार से लेकर पुलिस अधिकारियों तक सभी को कई बार अवगत कराया. सीएमओ माया मंडलोई के खिलाफ पहले FIR भी हो चुकी है और एक बार उन्हें हटाने की कार्रवाई भी हो चुकी है, लेकिन बड़े नेताओं के संरक्षण के चलते वे फिर से कुर्सी पर बनी हुई हैं.
जनता, व्यापारी और पार्षद पहले ही कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं निकला. अब विधायक ने खुद मोर्चा संभालते हुए कहा है कि जनता की समस्या का समाधान होना चाहिए, धामनोद एवं धरमपुरी क्षेत्र का विकास रुकना नहीं चाहिए. विधायक ने दो टूक कहा है कि नगर के विकास में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा- मेरे कारण विकास कैसे रुक रहा
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब केंद्र और राज्य में सरकार भाजपा की, विधायक भी भाजपा के और केंद्रीय राज्य मंत्री भी भाजपा की, तो क्या पार्टी के भीतर ही सब कुछ ठीक नहीं है? धामनोद में अब 9 अक्टूबर को होने वाली इस आर-पार की लड़ाई पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी. इस पूरे मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर का कहना हैं कि, विधायक हैं आए स्वागत हैं चाय नाश्ता करवाएंगे और मेरे कारण विकास कैसे रुक रहा हैं. सीएमओ न्यायालय से स्टे आदेश लेकर आई हैं और में केंद्रीय राज्य मंत्री हुं.
ये भी पढे़ं- ‘हम दो, हमारे पांच’, बड़वानी में बोले सांसद गजेंद्र पटेल – हर हिंदू को कम से कम 5 बच्चे पैदा करना चाहिए