Dhar News: गंधवानी में खुलेगा उप डाकघर, सावित्री ठाकुर की मांग पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी मंजूरी
dhar news/ imagr source: vistaar news input
Dhar News: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री और धार महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर के प्रयासों से गंधवानी में डाकघर की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है. सावित्री ठाकुर की मांग पर केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा गंधवानी शाखा डाकघर को उप डाकघर में उन्नयन किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है. विभागीय कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात गंधवानी में प्रस्तावित उप डाकघर खोला जाएगा.
आदिवासी क्षेत्र के लिए बड़ी राहत
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंधवानी जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्र में डाक सेवाओं का विस्तार क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का निरंतर प्रयास है कि देश के प्रत्येक गांव और विशेषकर आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की पहुंच मजबूत हो तथा विकास की मुख्यधारा से अंतिम व्यक्ति को जोड़ा जाए.
लोगों को मिलेंगी कई सुविधाएं
गंधवानी क्षेत्र की जनता द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी जिसमें अब सफलता प्राप्त हुई है. यहाँ उप डाकघर की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय नागरिकों को डाक एवं पार्सल सेवाओं, बचत एवं वित्तीय सेवाओं तथा केंद्र सरकार से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी. इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, छोटे व्यवसायियों तथा आदिवासी परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा.
राज्य मंत्री ठाकुर ने क्या कहा ?
राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार केवल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है. गंधवानी में उप डाकघर की स्थापना क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, वित्तीय समावेशन और जनसेवाओं की सुगमता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
ये भी पढ़ें: विजय सरकार का यू-टर्न! CJP- लेफ्ट के प्रदर्शनों से छात्रों को दूर रखने वाला आदेश वापस