Dhar: न्यू गणेश घाट पर फिर पथराव, 8 से 10 वाहनों को बनाया निशाना, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
धार: 8 से 10 वाहनों पर पथराव
Dhar News: (धार से जफर अली की रिपोर्ट) धार-खरगोन जिले की सीमा पर स्थित नए गणेश घाट पर फिर पथराव की घटना सामने आई है. अज्ञात बदमाशों ने हाईवे से गुजर रहे 8 से 10 वाहनों पर पथराव कर दिया. घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई.
वाहनों पर अंधाधुंध पथराव
मामला मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नए गणेश घाट का है. देर रात अज्ञात बदमाशों ने घाट से गुजर रहे कई वाहनों पर अंधाधुंध पथराव कर दिया. बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 वाहनों को निशाना बनाया गया. अचानक हुए पथराव से वाहन चालकों में दहशत फैल गई.
घटना के बाद सभी पीड़ित वाहन चालक शिकायत लेकर काकड़दा पुलिस चौकी पहुंचे. मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर भी जमा हो गए. एक घायल अशोक कुमार ने बताया कि गणेश मंदिर घाट के ऊपर से कुछ लोग पत्थर मार रहे थे, उनका भतीजा गाड़ी चला रहा था, अगर पत्थर उसे लगता तो बड़ा हादसा हो सकता था. पत्थर पीछे बैठे अशोक को लगा जिससे वे घायल हो गए.
ये भी पढ़ें: धार: रतवा के युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जहरीली शराब से मौत का आरोप लगाते हुए की जांच की मांग
पहले भी हो चुकी है पथराव की घटना
बताया जा रहा है कि नए गणेश घाट के 10 किलोमीटर के इस हिस्से में पहले भी पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं. यह क्षेत्र धार जिले के धामनोद थाना और खरगोन जिले की काकड़दा चौकी की सीमा में आता है. पिछली बार पुलिस कार्रवाई के बाद ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगा था, लेकिन अब फिर से घटना सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.