Dhar Accident: धार में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर कार पुलिया से गिरी, 4 लोग जिंदा जले
धार: कार में लगी आग, 4 लोग जिंदा जले, एक की हालत गंभीर
Dhar Road Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में दर्दनाक हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पुलिया से नीचे गिर गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में आग लग गई. इस दुर्घटना में 4 लोग जिंदा ही जल गए. वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है. कार सवार राजस्थान स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन के लिए गए थे.
सादलपुर के पास हुआ हादसा
धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. ढाबे के पास पुलिया पर बने डिवाइडर से तेज रफ्तार डिजायर कार टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन बाहर निकल गया और कार पुलिया से नीचे गिरकर आग का गोला बन गई. हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि कार में सवार चार युवक जिंदा जल गए. बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए गए थे और लौटते समय देर रात सादलपुर के पास यह हादसा हो गया.
घायल को इंदौर रेफर किया गया
सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझाई. चारों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेजा गया है, वहीं घायल युवक को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है.
हादसे में मृतकों की पहचान
- अंकुश उर्फ भीम पिता विक्रम चौधरी (20), निवासी बड़ी सागौर
- चेतन पिता जीवन चौधरी (20), निवासी बड़ी सागौर
- अनमोल पिता तिवारी (19), निवासी चौधरी मोहल्ला, बड़ी सागौर
- अभिषेक पिता लक्ष्मण सोलंकी, निवासी सुहागपुरा, थाना सागौर
ये भी पढ़ें: MP के 102 स्टूडेंट्स को मिलेगी 1-1 लाख की स्कॉलरशिप, CM मोहन यादव स्थापना दिवस पर करेंगे सम्मानित
हादसे की वजह क्या है? कैसे हादसा हुआ? इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है. आखिर से कैसे इतनी दर्दनाक दुर्घटना हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.