Indore News: 26 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में ED का एक्शन, 13 करोड़ की 18 संपत्तियां अटैच कीं
प्रवर्तन निदेशालय ( Image Credit: Google)
Indore News: इंदौर में 26 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. 13 करोड़ रुपये कीमत की 18 संपत्तियों को अटैच कर लिया है. ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) एक्ट 2002 के तहत की गई है. ये पूरा मामला आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के द्वारा भोपाल में दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुआ.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला इंदौर के मानपुर में स्थित शारदा वेयरहाउस के मालिक आलोक शारदा से जुड़ा हुआ है. शारदा ने अन्य लोगों के साथ मिलकर वेयरहाउस रसीद वित्त योजना का दुरुपयोग किया था. वेयरहाउस में किसानों की सोयाबीन और चने रखे होने का दावा करते हुए फर्जी रसीदें जारी की थीं. इन रसीदों के आधार पर 62 हजार से ज्यादा सोयाबीन और चने की बोरियों पर 42 किसानों के नाम लोन ले लिया था. इसके साथ ही वेयरहाउस में रखी उपज को बिना किसी अनुमति के बेच दिया गया था.
ये भी पढ़ें: H1N1 Cases: एमपी में तेजी से पैर पसार रहा स्वाइन फ्लू, इंदौर में जांच के दौरान 172 सैंपल मिले पॉजिटिव
दो संस्थाओं को हुआ करोड़ों का नुकसान
ईडी के मुताबिक आईडीबीआई बैंक को करीब 14.04 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. दूसरी ओर किसान धन एग्री फाइनेंशियल सर्विसेज ने वेयरहाउस में रखी उपज के आधार पर लगभग 12 करोड़ की रसीद जारी की थी. जब वेयरहाउस में निरीक्षण किया गया तो माल कम मिला. आरोपियों पर ये कार्रवाई 10 सितंबर को की गई थी. जांच एजेंसियां आगे की कार्रवाई कर रही हैं. ये पूरा मामला धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ा हुआ है.