Vistaar NEWS

Indore: कुश्ती कोच ने 14 साल के बच्चे के साथ किया यौन शोषण, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Coach Manish Namdev

कोच मनीष नामदेव

Indore Wrestling Coach Arrested: इंदौर में गुरु और शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. सदर बाजार थाना क्षेत्र की चंदनगुरु व्यायामशाला में कुश्ती सीखने जाने वाले 14 साल के छात्र के साथ यौन शोषण का आरोप लगा है. आरोप व्यायामशाला के ही कोच मनीष नामदेव पर है. बताया जा रहा है कि प्रैक्टिस खत्म होने के बाद जब सभी बच्चे घर चले गए, तब आरोपी ने छात्र को अकेला पाकर उसके साथ गलत हरकत की. इतना ही नहीं, बच्चे को उसके पिता सहित जान से मारने की धमकी भी दी. पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

प्रैक्टिस से देर तक घर नहीं लौटा किशोर

दरअसल, सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाले एक फर्नीचर व्यवसायी का 14 वर्षीय बेटा पिछले करीब छह साल से चंदनगुरु व्यायामशाला में कुश्ती सीखने जाता था. 25 नवंबर को भी वह रोज की तरह शाम करीब 4 बजे प्रैक्टिस के लिए पहुंचा था. आमतौर पर वह शाम 7:30 बजे तक घर लौट आता था, लेकिन उस दिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचा.

बेटे के घर नहीं लौटने पर पिता उसकी तलाश में निकले. रात करीब 8 बजकर 50 मिनट पर बच्चा हनुमान मंदिर चौक के पास रोता हुआ और डरा-सहमा मिला.

कोच ने अकेला पाकर की अनुचित हरकत

पिता ने जब उससे देरी की वजह पूछी तो बच्चे ने पूरी घटना बताई. उसके अनुसार, शाम करीब 7 बजे प्रैक्टिस खत्म होने के बाद बाकी लड़के और उसका दोस्त घर चले गए थे. इसके बाद व्यायामशाला में अकेला पाकर कोच मनीष नामदेव ने उसे अपने पास बैठाया और उसके साथ अनुचित हरकत की.

बच्चे ने यह भी बताया कि आरोपी ने घटना किसी को बताने पर उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी. इसी धमकी के कारण बच्चा काफी डरा हुआ था.

पिता की शिकायत पर कोच गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पिता अपने परिचित के साथ बच्चे को लेकर सदर बाजार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी कोच मनीष नामदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया. गुरुवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया. अब इस मामले ने बच्चों की सुरक्षा और खेल संस्थानों में उनकी निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Exit mobile version