जीतू पटवारी ने 5 स्‍टार होटल में दिव्यांग बच्‍चों के साथ मनाई दिवाली, परिवार ने निभाई अपनी खास परंपरा

MP News: महेश दृष्टिहीन कल्याण संघ, विजयनगर के 100 से ज्यादा दिव्यांग बच्चों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और उनकी पत्नी रेणुका पटवारी के साथ पांच सितारा होटल रेडिसन में दिवाली मनाई.
Jeetu Patwari celebrated Diwali with children with disabilities.

जीतू पटवारी ने दिव्‍यांग बच्‍चों संग मनाई दिवाली

MP News: रोशनी के सबसे बड़े त्योहार दिवाली की खुशियां तब और खास हो गईं, जब महेश दृष्टिहीन कल्याण संघ, विजयनगर के 100 से ज्यादा दिव्यांग बच्चों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और उनकी पत्नी रेणुका पटवारी के साथ पांच सितारा होटल रेडिसन में दिवाली मनाई. बच्चों की जिंदगी में भले ही आंखों की रोशनी न हो, लेकिन उनके चेहरों की खुशी और उत्साह ने पूरे माहौल को रोशन कर दिया.

कई सालों से पटवारी परिवार निभा रहा परंपरा

पटवारी परिवार पिछले कई साल से हर दिवाली पर इन बच्चों को अपने साथ 5 स्‍टार होटल ले जाकर त्योहार की खुशियां बांट रहा है. खास बात यह रही कि इस बार भी पटवारी के साथ उनके नाती-पोते भी पहुंचे. उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से खाना परोसा और उनके साथ बैठकर काफी समय बिताया. परिवार के इस अपनापन से बच्चे भी बेहद खुश नजर आए.

बच्‍चों की पसंद के खास इंतजाम

होटल में बच्चों के लिए उनकी पसंद का खास इंतजाम किया गया था. बच्चों ने नूडल्स, मंचूरियन और छोले-कुलचे का जमकर मजा लिया. इसके बाद आइसक्रीम ने उनकी खुशी और बढ़ा दी. खाने के दौरान पटवारी परिवार लगातार बच्चों से बातचीत करता रहा और उनकी पसंद-नापसंद भी पूछी. बच्चों ने पटवारी से कहा कि उन्हें हर साल उनके बुलावे का इंतजार रहता है. यह उनके लिए साल का एक खास दिन होता है, जब वे पटवारी परिवार के साथ मिलकर दिवाली मनाते हैं.

बच्चों की बात सुनकर पटवारी हुए भावुक

बच्चों की बातें सुनकर पटवारी और उनकी पत्नी भी भावुक नजर आए. उन्होंने बच्चों के साथ इस रिश्ते को आगे भी बनाए रखने की बात कही. इस दौरान कांग्रेस व्यापारिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद बागड़ी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, किसान कांग्रेस अध्यक्ष जीतू ठाकुर और पार्षद कुणाल सोलंकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे. पटवारी परिवार के लिए यह सिर्फ दिवाली का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पिछले कई साल से बच्चों के साथ जुड़ा एक ऐसा रिश्ता बन चुका है, जिसमें त्योहार की खुशी के साथ अपनापन और साथ होने का एहसास भी शामिल है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें