खंडवा से तुकाईथड़ के बीच शुरू हुआ रेल सफर, नए रेल ट्रैक पर पहली बार दौड़ी पैसेंजर ट्रेन

खंडवा से तुकाईथड़ के बीच नए रेल ट्रैक पर पहली बार पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है. इस रेल मार्ग पर ट्रायल स्पेशल ट्रेन चलाए जाने से यात्रियों में खुशी का माहौल है.
Khandwa to Tukaithad train

पैसेंजर ट्रेन

खंडवा से तुकाईथड़ के बीच नए रेल ट्रैक पर पहली बार पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है. खंडवा–अकोला ब्रॉडगेज परिवर्तन परियोजना के तहत तैयार इस रेल मार्ग पर ट्रायल स्पेशल ट्रेन चलाए जाने से यात्रियों में खुशी का माहौल है. लंबे समय से इस मार्ग पर नियमित यात्री ट्रेन चलाने की मांग की जा रही है. यात्रियों को उम्मीद है कि ट्रेन नियमित रूप से शुरू होने पर उन्हें बस के महंगे किराए से राहत मिलेगी.

खंडवा–अकोला ब्रॉडगेज परिवर्तन कार्य के अंतर्गत खंडवा से तुकाईथड़ के बीच मार्च 2024 में पटरियां बिछाने का काम पूरा कर लिया गया था. इसके बाद रेल सुरक्षा आयुक्त, दक्षिण मध्य रेलवे के निर्माण अधिकारियों और नांदेड़ मंडल के डीआरएम द्वारा निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की जांच की गई. निरीक्षण के बाद इस रेल मार्ग को ट्रेन संचालन के लिए फिट घोषित किया गया था.

इसके बावजूद इस मार्ग पर नियमित यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था. हाल ही में खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के समक्ष इस विषय को उठाया. इसके बाद दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा खंडवा–तुकाईथड़ रेल मार्ग पर यात्री ट्रेन चलाने की दिशा में पहल करते हुए ट्रायल स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया गया.

दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा नांदेड़ से तुकाईथड़ के बीच एक फेरा विशेष ट्रेन चलाई गई. ट्रेन संख्या 07689 नांदेड़ से 17 अक्टूबर को रवाना हुई, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 07690 तुकाईथड़ से 18 अक्टूबर को नांदेड़ के लिए रवाना हुई. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन रविवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर खंडवा से तुकाईथड़ के लिए रवाना होकर सुबह 11 बजे तुकाईथड़ पहुंची.

यात्री परिवहन की उम्मीद जगी

इस ट्रेन के संचालन से लंबे समय बाद इस रेल मार्ग पर यात्री परिवहन की उम्मीद जगी है. ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि ट्रायल के बाद इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके.

नए स्टेशनों को देखने का अवसर

ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री सुनील बड़ेकुड़े ने बताया कि करीब 10 साल बाद उन्हें इस मार्ग पर ट्रेन से सफर करने का मौका मिला है. यात्रा के दौरान नए स्टेशनों को देखने का अवसर भी मिल रहा है. यात्रियों का कहना है कि फिलहाल इस मार्ग पर बस से सफर करना महंगा पड़ता है. ऐसे में ट्रेन नियमित होने से किराए में बचत के साथ ही यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकती है.

वहीं, रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य मनोज सोनी ने बताया कि फिलहाल यह ट्रेन ट्रायल के तौर पर चलाई जा रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही डीजल इंजन के माध्यम से इस मार्ग पर नियमित यात्री ट्रेन शुरू की जाएगी. उन्होंने भी रेलवे प्रशासन से ट्रेन का नियमित संचालन शुरू करने की मांग की.

इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम

खंडवा से तुकाईथड़ के बीच ट्रेन का संचालन शुरू होना इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अब यात्रियों की निगाहें रेलवे प्रशासन के अगले निर्णय पर टिकी हैं. लोगों को उम्मीद है कि ट्रायल के बाद इस रेल मार्ग पर नियमित यात्री ट्रेन शुरू होगी, जिससे खंडवा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सस्ता और सुविधाजनक परिवहन मिल सकेगा.

ये भी पढ़ें: ‘ये लापरवाही है, कानून अपना काम करेगा’, मंत्री राकेश शुक्ला ने घायलों से की मुलाकात, हादसे पर जताया दुख

ज़रूर पढ़ें