इंदौर गोलीकांड मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
तीन आरोपी गिरफ्तार
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुराने विवाद को खत्म करने के इरादे से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी, जिसके बाद सभी को पकड़ लिया गया.,पुलिस ने इस मामले में मोनू, दानिश और अल्फाइज नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
एक नाबालिग को भी पकड़ा
इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों के बीच पुराने रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को निपटाने के लिए आरोपियों ने गोली चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की. घटना के बाद चंदन नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया.
आरोपियों से पूछताछ जारी
आरोपियों से पूछताछ कर घटना में इस्तेमाल हथियार और फायरिंग के पीछे की पूरी वजह के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल दानिश के खिलाफ पहले से छह से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि दानिश सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है और खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर प्रस्तुत करता है.
आपराधिक रिकॉर्ड जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. नाबालिग से भी नियमानुसार पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि गोलीकांड के मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पुलिस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क है.
ये भी पढ़ें: इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने से क्यों नाराज है SP? कितना होगा सीट शेयरिंग पर असर