‘2-3 साल पहले लेता था ड्रग्स, लेकिन अब…’, जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का बड़ा बयान
जीतू पटवारी और उनके भाई नाना पटवारी (फाइल फोटो)
Nana Patwari Big Drug Statement: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को गुरुवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. हालांकि, कुछ ही समय बाद उन्हें पुलिस ने पूछताछ कर छोड़ दिया था. जिसके बाद से वे सुर्खियों में आ गए. नाना पटवारी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. उन्होंने प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा कि मेरी गलती सिर्फ यह है कि मैं जीतू पटवारी का भाई हूं. हालांकि, इस दौरान उन्होंने ड्रग्स लेने की बात भी कही है. जानें क्या कहा?
नाना पटवारी ने मीडिया के सामने कहा, ‘मैं पहले ड्रग्स लेता था, लेकिन पिछले तीन साल से पूरी तरह दूर हूं. पिछले 3 सालों के मेरा ड्रग्स से कोई संबंध नहीं है’. नाना पटवारी ने यह बात पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद कही. इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है, उनसे उनका कोई संबंध नहीं है.
थाने में सिर्फ नाम पूछा गयाः नाना पटवारी
उन्होंने कहा, मैं गुरुवार की सुबह अपनी गाड़ी सर्विसिंग के लिए देने जा रहा था. इसी दौरान अचानक से पुलिस आई और बिना कुछ कारण बताए अपने साथ लेकर चली गई. पुलिस थाने भी लेकर गई, लेकिन हिरासत में लिए जाने की वजह नहीं बताई. थाने में सिर्फ नाम पूछा गया और कहा गया कि बाद में सब पता चल जाएगा. हालांकि रात में पुलिस ने छोड़ दिया.
क्या बोली पुलिस?
इंदौर पुलिस ने इस मामले में प्रेसनोट करते हुए बताया, सूचना के आधार पर पुलिस ने इरफान खान उर्फ गोलू चंदौरी एवं संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई के कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक काली स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक MP09 AR 0058) बरामद कर अपराध क्रमांक 544/26 पंजीबद्ध किया गया है. प्रकरण में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है.
ये भी पढ़ेंः ‘BJP ने बदले का संदेश दिया है, हम झुकने वाले नहीं’, भाई को हिरासत में लिए जाने पर भड़के जीतू पटवारी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे उक्त मादक पदार्थ नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण पटवारी एवं मानव गंगवानी को देने जा रहे थे. उक्त दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्रकरण में पूछताछ एवं विवेचना जारी है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कानून के प्रावधानों के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.