बड़वानी के चारणखेड़ा में राशन की दुकान निलंबित, हजारों किलो अनाज गायब, ग्रामीणों की शिकायत पर कहा- FIR दर्ज करेंगे

ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि उन्हें पिछले तीन-चार महीने से राशन नहीं मिल रहा था. 22 जून 2026 को ग्रामीणों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई.
Ration shop suspended in Barwani.

बड़वानी में राशन की दुकान निलंबित.

Input- सचिन राठौर

Barwani News: बड़वानी के ग्राम चारणखेड़ा में सरकारी राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया है. दुकान से 3051 किलो गेहूं, 795 किलो चावल और 4 किलो शक्कर कम पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई. 70 से अधिक ग्रामीणों की शिकायत पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की जांच में अनियमितताएं सामने आईं.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि उन्हें पिछले तीन-चार महीने से राशन नहीं मिल रहा था. 22 जून 2026 को ग्रामीणों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई. उनका कहना था कि कीर्ति स्व सहायता समूह द्वारा संचालित दुकान का सेल्समैन चम्पाल मोरे केवल पर्ची देकर टरका रहा था और राशन व्यापारियों को बेच रहा था.

अधिकारी ने लगाई फटकार, कहा- FIR दर्ज करेंगे

शिकायत सुनने के बाद पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने तत्काल कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भूरमल बामनिया को मौके पर बुलाया. अधिकारी ने ग्रामीणों से बात कर स्थिति को समझा. बामनिया ने सेल्समैन चम्पालाल मोरे को फोन पर फटकार लगाई और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही, जिसके बाद दुकान की जांच के आदेश दिए गए.

22 जून को हुई जांच में यह पुष्टि हुई कि उपभोक्ताओं को तीन-चार महीने से राशन नहीं मिल रहा था. गोदाम के स्टॉक मिलान में 3051 किलो गेहूं, 795 किलो चावल और 4 किलो शक्कर कम पाया गया. जांच दल ने निष्कर्ष निकाला कि समूह अध्यक्ष सुमरी बाई पति सर्पिया और विक्रेता गंगली बाई पति चम्पाल द्वारा राशन का अवैध विक्रय किया गया है.

राशन की दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया

अधिकारियों ने पाया कि यह कृत्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की कंडिका 11(9), 13(2) एवं 18 का स्पष्ट उल्लंघन है. यह आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है. जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बड़वानी ने दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाने के लिए, एसडीएम ने चारणखेड़ा के सभी राशनकार्ड धारकों को अस्थाई रूप से आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मेनिमाता से राशन प्राप्त करने का निर्देश दिया है.

ये भी पढे़ं: सीधी में सरकारी स्कूल में पीने के पानी में कीड़े, प्रिंसिपल बोले- वो कैल्शियम है; क्लास में पंखा गिरने से छात्रा का सिर फूटा

ज़रूर पढ़ें