पोस्टमार्टम के बिना दफना दिया महिला का शव, परिजनों की शिकायत के बाद कब्र से निकाली लाश, एसिड पीने से हुई थी मौत
मृतक महिला नीलोफर
MP News: मध्य प्रदेश के खरगोन से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की एसिड पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. मामले में एसडीएम के आदेश के बाद एक दिन पहले दफनाए गए शव को कब्रिस्तान से बाहर निकाल लिया गया.
दरअसल, पूरा मामला जिला मुख्यालय के मोहन टॉकीज क्षेत्र का है, जहां नीलोफर नाम की एक महिला की एसिड पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मामले में परिजनों को आरोप है कि मायके पक्ष ने जल्दीबाजी करके शव को दफन कर दिया.
शव का पंचनामा किया तैयार
एसडीएम के आदेश के बाद शव को कब्रिस्तान से बाहर निकाला गया और तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया. पंचनामा करके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पूरे मामले में पुलिस ने सभी पहलूओं की जांच शुरू कर दी है.
महिला की मौत पर उसके परिजनों का कहना है कि नीलोफर के भाई फरहान शेख और मां आयशा को शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि नीलोफर ने एसिड पी लिया. इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में कसरावद गांव के पास उसने दम तोड़ दिया.
परिजनों ने लगाया आरोप
नीलोफर की मौत के बाद उसके परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल में उन पर दबाव बनाया और कुछ दस्तावेजों पर साइन करवा लिए गए. परिजनों ने आरोप लगाया कि शव का पोस्टमार्टम किए बिना ही शव को घर ले जाया गया और जल्दीबाजी में शव को दफन कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस
मामले में कोतवाली सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिरसाठ ने जानकारी दी कि रविवार को एसडीएम के आदेश के बाद शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस दौरान तहसीलदार जागर रावत और थाना प्रभारी बीएल मंडलोई भी माैजूद रहे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने नीलोफर के मायके पक्ष के बयान पर मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- Bhind: पति के दोस्त के साथ चल रहा चक्कर, प्रेमी के साथ मिलकर की मासूम की हत्या, कुएं में मिली थी लाश