Israel-Iran-US War के बीच दुबई में फंसे महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी के बेटे, धार्मिक अनुष्ठान के लिए गए थे
इजरायल ईरान तनाव के बीच दुबई में फंसे महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी के बेटे
Israel-Iran-US War: ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई का असर पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहा है. पूरे मिडिल ईस्ट में अफरा-तफरी का माहौल है. दुबई, शारजाह और आबू धाबी जैसे शहरों के लिए आने जाने वाली 400 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं. इस वजह से बड़ी संख्या में भारतीय फंसे हुए हैं. इनमें उज्जैन के महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी घनश्याम पुजारी के बेटे विकास शर्मा भी दुबई में फंस गए हैं.
धार्मिक अनुष्ठान के लिए गए थे दुबई
जानकारी के मुताबिक पुजारी विकास शर्मा ज्योतिष धार्मिक अनुष्ठान के लिए दुबई के बुर्ज खलीफा गए थे. पुजारी अशीष गुरु ने बताया की विकास शर्मा से वीडियो कॉल के माध्यम से बात हुई.
देर रात बुर्ज खलीफा के पास ही एक होटल में रुके हुए थे. रात्रि 3:00 बजे अनाउंसमेंट के माध्यम से पूरे होटल परिसर को खाली कराया गया. दुबई में दहशत का माहौल है. उन्होंने बताया कि हम देश लौटने के लिए प्रयास कर रहे हैं. मेरे साथ ही और भी कई भारतीय फंसे हुए हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी है
पुजारी आशीष गुरु ने बताया कि वीडियो कॉल पर बात करके पता चला है कि उनके छोटे भाई सुरक्षित हैं. हमने कलेक्टर, संभाग आयुक्त और आईजी से बात की है.
ये भी पढ़ें: MP News: इजरायल–ईरान युद्ध के बीच दुबई-शारजाह में फंसे MP के नागरिक, जीतू पटवारी ने PM से लगाई गुहार
जीतू पटवारी ने पीएम से की अपील
मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं. दुबई, शारजाह और अबू धाबी जैसे शहरों से इंदौर आने वाली फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पीएम से मदद की अपील की है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके पीएम नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए पटवारी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री से आग्रह है कि तत्काल हस्तक्षेप कर मध्य प्रदेश के तथा सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराएं.