Jabalpur Cruise Incident: जबलपुर क्रूज हादसे में अब तक 9 लोगों के शवों को निकाला जा चुका है और 22 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. इस दुर्घटना के बाद चौंकाने वाली बात सामने आई है. एक पर्यटक ने हैरान कर देने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि जब क्रूज डूबने लगा, तब लाइफ जैकेट दी गईं.
दूसरे क्रूज से लोगों को बाहर निकाला गया
पर्यटक ज्यूलियस ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि क्रूज पर पत्नी, बेटी, दामाद, नातिन और नाती के साथ हम 6 लोग सवार हुए थे. अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यात्रा के वक्त सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया. क्रूज जब डूबने लगा, तब यात्रियों को लाइफ जैकेट दी गई. वहीं, उन्होंने बताया कि हादसे से पहले कई यात्री लाइफ सेविंग जैकेट नहीं पहन पाए. इस दुर्घटना में उनकी पत्नी मधु की मौत हो गई.
उन्होंने आगे बताया कि उनकी बेटी रीना और 4 साल का नाती अब भी लापता है. उन्होंने हैरान करने वाली बात बताई कि घटना के फौरन बाद कोई रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया गया. दूसरे क्रूज की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ें: Jabalpur Cruise Incident: 20 साल से हो रहा क्रूज का संचालन, हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत, रेस्क्यू में जुटा NDRF
जफर ने कूदकर बचाई जान
क्रूज हादसे में रेस्क्यू की गई बच्ची ने बताया कि क्रूज में पानी भर गया था. मैंने पापा का हाथ पकड़ लिया था. मम्मी और भाई नहीं मिल रहे हैं. बच्ची ने आगे बताया कि नाना मिल गए हैं लेकिन नानी की मौत हो गई है. एक अन्य एक बच्चे जफर अली जान (14 साल) ने नदी में कूदकर अपनी जान बचाई. वह तैरता हुआ सुरक्षित किनारे पर पहुंचा.
