Vistaar NEWS

बालाघाट: पत्नी की डिलीवरी का खर्च निकालने के लिए पति बना हत्यारा, अस्पताल का बिल भरने के लिए चुराए गहने

balaghat News

फाइल फोटो

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पर एक युवक ने दूसरे की जान लेकर अपने बच्चे का जीवन खरीदा है. हत्याकांड की इस कड़ी को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी का गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी ने वारदात की अंजाम देना भी कबूल कर लिया है. ये मामला बालाघाट समेत पूरे मध्य प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है. आइए जानते है पूरी वारदात क्या है.

इधर गूंजी किलकारी उधर पति ने की हत्या

बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और उसके जेवर लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. वारदात के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी राकेश मरकाम को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोने के आभूषण लूटने की नीयत से महिला के सिर पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई.

मोटरसाइकिल और मर्डर वेपन किया बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की है. पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को गांव में तालाब के किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी. मृतका की पहचान 56 वर्षीय खेलनबाई तुरकर के रूप में हुई. उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और हत्या के साथ लूट की आशंका पर भी पड़ताल की.

प्राइवेट अस्पताल में हुई थी महिला की डिलीवरी

आरोपी ने महिला के सिर पर छह से सात वार किए जाने से महिला की मौत हो गई. इसके बाद आरोपी कथित तौर पर महिला के गले से मंगलसूत्र और कानों से सोने के टॉप्स लेकर फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह से सात दिन पहले उसकी पत्नी की डिलीवरी तुमसर स्थित भोलसे प्राइवेट अस्पताल में हुई थी. पत्नी को अस्पताल में छह से सात दिन तक भर्ती रहना पड़ा था. आरोपी ने बताया कि इस कारण उसे पैसों की अत्यधिक आवश्यकता थी.

मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स किए चोरी

8 अक्टूबर को आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से मॉयल तिरोड़ी पहुंचा था. वहां ब्लास्टिंग का काम करने के बाद वह दोपहर करीब 12:30 बजे मैगजीन के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर रेलवे पटरी की ओर गया. जहां दोपहर करीब 1 बजे उसने तालाब के पास भैंस चरा रही खेलनबाई को देखा. महिला के गले में सोने का मंगलसूत्र और कानों में सोने के टॉप्स थे. जहाँ आभूषण देखकर आरोपी के मन में उन्हें लूटने का लालच आया और वह करीब 10 से 15 मिनट तक महिला की गतिविधियों पर नजर रखता रहा.

महिला पर लगातार किया जानलेवा वार

जब महिला भैंसों को लेकर रेलवे पटरी के दूसरी ओर गई और भैंसों के तालाब में जाने पर तालाब की ओर मुंह करके बैठ गई, तब आरोपी ने पास के खेत की फेंसिंग से लकड़ी का मोटा डंडा निकाला और पीछे से महिला के सिर पर जानलेवा वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने महिला के गले से मंगलसूत्र और दाहिने कान का सोने का टॉप्स निकाल लिया. रुपयों की कमी दूर करने आरोपी के जेवर करीब 25 हजार रूपए मे गिरवी रख दिए थे.

ये भी पढे़ं- ग्वालियर मंदिर हादसा: मृतकों के परिजनों को मिलेगी नगर निगम में नौकरी, ट्रक ने शीतला मंदिर के पास श्रद्धालुओं को कुचला था

Exit mobile version