Anu Beniwal Weight Loss Transformation: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की तेज-तर्रार अधिकारी अनु बेनीवाल एक फिर चर्चा में हैं. इस बार उनके सुर्खियों में रहने की वजह प्रशासनिक नहीं बल्कि मां बनने के बाद ड्यूटी पर लौटना है. मध्य प्रदेश कैडर की अफसर बेनीवाल 10 हफ्ते की मैटरनिटी लीव के बाद लौटी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर करके जानकारी दी है.
पुलिस अधिकारी ने पोस्ट में क्या लिखा?
आईपीएस अनु बेनीवाल 10 सप्ताह की मैटरनिटी लीव से वापस लौटीं तो उनकी गोद में नन्ही बिटिया दिखाई दी. इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट में साफ देखा जा सकता है कि अफसर ने पुलिस की ड्रेस पहनी हुई है. उनकी गोद में उनकी प्यारी बिटिया बैठी हुई है.
उन्होंने फोटो शेयर करने के साथ लिखा कि दस हफ्तों की मैटरनिटी लीव के बाद अपनी नन्ही बेटी के साथ वापस काम पर लौट आई हूं. इस दौरान कई रातें बिना सोए बिताईं और अपना 14 किलो वजन भी कम किया. अपनी इस प्यारी-सी बिटिया की बहुत आभारी हूं, जिसने मुझे इतना गहरा प्यार दिया और मुझे इतना मजबूत महसूस कराया.
प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में दिखीं एक्टिव
अनु बेनीवाल प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में भी काफी एक्टिव रहीं. गर्भवती रहते हुए उन्होंने दौड़ लगाई और तस्वीरें शेयर की. जबलपुर में इसी साल जुलाई 2026 में ‘रन फॉर साइबर सेफ्टी’ का आयोजन किया गया. इसमें सहभागिता की और दौड़ लगाकर फिटनेस और जागरुकता का संदेश दिया. इसकी सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा रही है.
चौथे प्रयास में मिली सफलता
IPS अफसर अनु बेनीवाल दिल्ली के पीतमपुरा की रहने वाली हैं. उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से जुड़े हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन (बीएससी) और पोस्ट ग्रेजुएशन (एमएससी) की पढ़ाई की. माता-पिता स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे थे. इस वजह से परिवार को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ा. इन सारी समस्याओं के रहते हुए उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं भूलीं. उन्होंने UPSC की राह चुनी.
उन्होंने साल 2018 में पहला प्रयास दिया, वे प्रारंभिक परीक्षा पास नहीं कर सकीं. दूसरी कोशिश में मुख्य परीक्षा पास की लेकिन अंतिम चयन सूची में नाम ना आ सका. तीसरे प्रयास में उन्हें 638वीं रैंक मिली. एग्जाम पास किया और नौकरी भी मिली लेकिन मनमुताबिक नौकरी ना मिलने से संतुष्ट नहीं थीं. इसके बाद उन्होंने चौथे प्रयास में 217वीं रैंक हासिल की और मध्य प्रदेश कैडर मिला.
