इंदौर में बिना लाइसेंस गंदगी में चल रही कुल्फी फैक्ट्री सील, रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज एक साथ मिले
इंदौर के 29 प्रतिष्ठानों में खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की.
MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर में खाद्य पदार्थों को लेकर प्रशासन अलर्ट है. खाद्य विभाग ने 6 और 7 मई दो दिनों तक शहर में कई जगहों पर छापेमारी की. इस दौरान खाद्य विभाग को कई नाम होटल और प्रतिष्ठानों में लापरवाही और अनियमितताएं मिलीं. दो दिनों में विभाग ने 29 प्रतिष्ठानों से सैंपल इकट्ठा किए. इसके साथ ही कई जगहों पर संचालन को रोक दिया गया, वहीं कुछ जगहों पर नोटिस देकर जवाब मांगा गया है.
गंदगी के बीच बिना वैध लाइसेंस के बनाई जा रही थी कुल्फी
सघन अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम ने धार रोड स्थित मां इंटरप्राइजेज पर छापेमारी की. बॉम्बे चौपाटी ब्रांड के नाम से कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट का निर्माण किया जा रहा था. टीम ने पाया कि गंदगी के बीच ही कुल्फी का निर्माण किया जा रहा था. वहीं कुल्फी फैक्ट्री के लिए ना तो वैध रजिस्ट्रेशन था और ना ही कोई लाइसेंस था. इसके अलावा ना कर्मचारियों ने प्रॉपर तरीके से एप्रैन भी नहीं पहना हुआ था. छापेमारी करने वाली टीम ने कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट के 8 सैंपल लेने के साथ ही उन्हें जांच के लिए भेज दिया. साथ ही तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री को सील करते हुए संचालन को रोक दिया है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक फैक्ट्री वैध लाइसेंस को नहीं पेश करती है और स्वच्छता मानकों के अनुरूप काम नहीं करती है, तब तक संचालन की परमिशन नहीं दी जाएगी.
चाइनीज वोक में वेज और नॉनवेज का स्टोरेज एक साथ
टीम ने एक चाइनीज वोक से सॉस और पनीर के सैंपल लिए. इस दौरान टीम ने पाया कि यहां वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों का स्टोरेज एक साथ किया गया था. जिसके बाद टीम ने चाइनीज वोक को नोटिस दिया है. इसके अलावा एक कंज्यूमर की शिकायत पर ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड में सूजी और मैदे के नमूने भी जांच के लिए भेज गए हैं.
वहीं क्वालिटी केला कोल्ड स्टोरेज मे इंस्पेक्शन के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की बात सामने आई है. यहां फलों में केमिकल इस्तेमाल किया जा रहा था.
ये भी पढे़ं: MP में सोशल मीडिया एक्स पर कई BJP जिलाध्यक्ष फिसड्डी! 50 फॉलोअर्स से भी कम, केंद्रीय मंत्री के जिले का भी बुरा हाल