‘मां आपने मेरी जान ले ही ली…’ भोपाल की ख्‍याति जैन का आखिरी मैसेज, मां बोली- बॉयफ्रेंड 3 घंटे बेटी के साथ था

Bhopal News: भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है.
Bhopal Khyati Jain Death Case

भोपाल ख्‍याति जैन मौत मामला

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. घटना को 24 दिन बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज परिजनों ने अब देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों तक न्याय की मांग पहुंचाई है. मृतका की मां ने मामले में साजिश और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

11 मई को हुई थी संदिग्ध मौत

जानकारी के अनुसार, अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में रहने वाली ख्याति जैन की 11 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद से उसकी मां वर्षा जैन लगातार पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को शिकायतें सौंप रही हैं. उनका आरोप है कि पुलिस शुरुआत से ही मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है और अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका बढ़ रही है.

बॉयफ्रेंड की भूमिका पर उठे सवाल

परिजनों ने ख्याति के बॉयफ्रेंड तनिष की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि मौत से पहले के अंतिम कुछ घंटे ख्याति ने उसी के साथ बिताए थे, इसलिए पूरे घटनाक्रम की गहन जांच आवश्यक है. परिवार का कहना है कि मामले के हर पहलू को निष्पक्ष तरीके से जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए.

साजिश की आशंका जता रहा परिवार

मृतका की मां ने इस घटना की तुलना भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा प्रकरण से करते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत भी कई अनसुलझे सवाल छोड़ रही है. उनका आरोप है कि ख्याति किसी साजिश का शिकार हो सकती है और सच्चाई सामने लाने के लिए उच्च स्तरीय जांच जरूरी है.

मोबाइल से मिले संदेश ने बढ़ाए सवाल

जांच के दौरान ख्याति के मोबाइल फोन से कुछ डिजिटल साक्ष्य और संदेश भी सामने आए हैं. इनमें एक कथित संदेश मिला है, जिसमें लिखा था, ‘मां, आपने मेरी जान ले ही ली.’ इस संदेश ने मामले को और उलझा दिया है. परिजनों का मानना है कि ख्याति किसी गंभीर मानसिक दबाव या अन्य परिस्थितियों से गुजर रही थी, जिसकी गहराई से जांच की जानी चाहिए.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे जांच का दायरा बढ़ गया है. रिपोर्ट के अनुसार, मृतका के पेट में ग्रे रंग का तरल पदार्थ पाया गया है. यह पदार्थ क्या था और उसका मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसका खुलासा रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

राष्ट्रपति से लेकर आयोगों तक भेजी शिकायत

पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट वर्षा जैन ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायत भेजकर मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

पुलिस जांच जारी होने का दावा

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, ख्याति के बॉयफ्रेंड से पूछताछ की जा रही है तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के प्रत्यक्ष प्रमाण सामने नहीं आए हैं, इसलिए आत्महत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

ये भी पढे़ं- जबलपुर में ‘ट्विशा शर्मा’ जैसा केस, बाथरूम में गिरकर पत्नी की हुई मौत, बेटी के परिजनों ने पति पर लगाए दहेज प्रताड़ना के आरो

ज़रूर पढ़ें