MP News: रेल बजट 2026 में मध्य प्रदेश को मिली 15,188 करोड़ की सौगात, प्रदेश के विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
रेल बजट 2026
MP News: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश के अलग-अलग राज्यों के लिए जारी किए गए रेल बजट 2026 की विस्तृत जानकारी दी है. आगामी वित्तीय वर्ष के लिए मध्य प्रदेश में रेलवे के विकास कार्यों के लिए 15188 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कांग्रेस शासन काल की तुलना में दिया गया यह बजट 24 गुना ज्यादा है.
नए प्रोजेक्ट पर तेजी से हाेगा काम
मध्य प्रदेश के लिए दिए गए इस बजट से नए प्रोजेक्ट पर काम तेज गति से किया जाएगा. रेल मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में 1 लाख 18 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में 100% इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो चुका है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में नए रेल कॉरिडोर पर भी तेजी से काम किया जाएगा.
7 में से एक रेल कॉरिडोर मध्य प्रदेश में बनेगा
केंद्रीय बजट में पेश किए गए सात रेल कॉरिडोर में से एक कॉरिडोर मध्य प्रदेश में भी शामिल हो रहा है. पश्चिम बंगाल से गुजरात के बीच बनने वाले इस रेल कॉरिडोर में मध्य प्रदेश एक प्रमुख भूमिका निभाने वाला है क्योंकि इस रेल कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा मध्य प्रदेश से होकर ही गुजरेगा. जिससे मध्य प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से विकास होगा.
5 सालों में होगा मध्य प्रदेश रेलवे का एक अलग स्वरूप
रेल मंत्री ने कहा कि आगामी 5 सालों में मध्य प्रदेश में रेलवे का एक अलग स्वरूप देखने को मिलने वाला है. बड़े शहरों को कनेक्ट करती हुई बुलेट ट्रेन मुख्य भूमिका निभाएगी. बुलेट ट्रेनों से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता बहुत हद तक कम हो जाएगी. नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को सुविधा में बढ़ोतरी होगी. आने वाले साल में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ कुंभ को लेकर भी रेलवे ने विशेष तैयारी की हैं.
पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने कहा मध्य प्रदेश में पश्चिम मध्य रेलवे में तेजी से नए प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है. रेल मंत्रालय द्वारा जारी किए गए बजट से विकास कार्यों में तेजी आएगी. नई ट्रेन शुरू करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
ये भी पढे़ं- 1.5 किलो एमडी ड्रग बरामद, अंतरराष्ट्रीय कीमत डेढ़ करोड़ से ज्यादा, कुख्यात अपराधी नंदू पाटीदार गिरफ्तार