Vistaar NEWS

MP News: रीवा रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, लिफ्ट में 2 घंटे कैद रहे 9 यात्री, रेलवे की लापरवाही

Passengers trapped in railway station elevator

रेलवे स्‍टेशन लिफ्ट में फंसे यात्री

MP News: मध्य प्रदेश के रीवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब 9 यात्री अचानक बंद पड़ी लिफ्ट में फंस गए. इतवारी ट्रेन से उतरे ये यात्री प्लेटफॉर्म से बाहर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट बीच में ही रुक गई और सभी अंदर कैद हो गए. करीब 2 घंटे तक यात्री लिफ्ट में फंसे रहे, जिससे उनके बीच घबराहट का माहौल बन गया.

नोटिस न होने से हुआ हादसा

फंसे यात्रियों ने आरोप लगाया कि जिस लिफ्ट में वे सवार हुए, वह पहले से ही खराब थी और मरम्मत कार्य चल रहा था. बावजूद इसके वहां किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड या नोटिस नहीं लगाया गया था. इसी लापरवाही के चलते यात्री अनजाने में बंद लिफ्ट में प्रवेश कर गए और इस घटना का शिकार बने.

रेस्क्यू ऑपरेशन से मिली राहत

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बाहर आने के बाद मेडिकल टीम ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें सभी यात्री सामान्य पाए गए.

जनप्रतिनिधि ने जताई नाराजगी

मामले की सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि संजीव शुक्ला मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि घटना के समय कोई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौजूद नहीं था, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई. उन्होंने तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित कर मेडिकल टीम बुलवाई और व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और लिफ्ट संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. यात्रियों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो और खराब उपकरणों के पास स्पष्ट चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके.

ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में बंदूक साफ करते समय दबा ट्रिगर, गोली लगने से युवक गंभीर घायल, जांच में जुटी पुलिस

Exit mobile version