Indore Budhni Rail Project: एमपी में बदलने जा रहा रेलवे का नक्शा, इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन पर आया बड़ा अपडेट
इंदौर-बुधनी रेल परियोजना
Indore Budhni Rail Project: मध्य प्रदेश में इंदौर-बुधनी रेल परियोजना के तहत मांगलिया रेलवे स्टेशन को बड़े रेलवे जंक्शन के रूप में विकसित करने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. रेलवे यहां यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने पर भी खास ध्यान दे रहा है. स्टेशन परिसर में कई निर्माण कार्य एक साथ जारी हैं, हालांकि फिलहाल यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे का दावा है कि आने वाले समय में यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा.
माल ढुलाई के लिए तैयार हो रहा बड़ा हब
मांगलिया स्टेशन के दोनों ओर नए गुड्स शेड तैयार किए जा रहे हैं ताकि माल परिवहन का दबाव आसानी से संभाला जा सके. पेट्रोलियम डिपो और सोयाबीन से जुड़े उत्पादों की सप्लाई को मजबूत बनाने के लिए रेलवे यहां विशेष माल ढुलाई व्यवस्था विकसित कर रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, भविष्य में मांगलिया मध्य भारत का बड़ा लॉजिस्टिक हब बन सकता है. इसके लिए ट्रैक कनेक्टिविटी और लोडिंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
फ्लाईओवर और नए हाल्ट स्टेशन का निर्माण
इंदौर रेल मार्ग पर 10 नए हाल्ट स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं. इसके अलावा एक फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और इसके लिए पिलर तैयार किए जा रहे हैं. स्टेशन परिसर में कुछ कमरों और अन्य संरचनाओं का काम अभी अधूरा है, लेकिन पूरे क्षेत्र में तेजी से निर्माण गतिविधियां दिखाई दे रही हैं.
नई रेल लाइन पर तेजी से चल रहा काम
इंदौर-बुधनी नई रेल लाइन पर भी तेजी से काम चल रहा है. रेलवे क्रॉसिंग के पास नई लाइन बिछाने के लिए बड़े स्तर पर अर्थवर्क किया जा रहा है. भारी मशीनों की मदद से मिट्टी भराई और जमीन समतल करने का काम जारी है. कई स्थानों पर मजबूत आधार तैयार करने के लिए खुदाई की जा रही है. ट्रैक बिछाने के लिए रेलवे स्लीपर भी साइट पर पहुंच चुके हैं. हालांकि कुछ इलाकों में किसानों के विरोध के चलते काम बीच-बीच में प्रभावित हो रहा है. देवास जिले के कई हिस्सों में भी निर्माण कार्य जारी है.
पहले लंबा और व्यस्त था रेल मार्ग
फिलहाल इंदौर से भोपाल या जबलपुर जाने वाली ट्रेनों को उज्जैन, सीहोर और संत हिरदाराम नगर होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दूरी और समय दोनों बढ़ जाते हैं. उज्जैन-भोपाल रेल मार्ग पहले से ही काफी व्यस्त रहता है, जिसके कारण ट्रेनों के संचालन में अक्सर देरी होती है. नई इंदौर-बुधनी रेल लाइन बनने के बाद यह स्थिति काफी हद तक बदल जाएगी.
45 किलोमीटर दूरी घटेगी, 2 घंटे समय बचेगा
करीब 204 किलोमीटर लंबी यह नई रेल लाइन इंदौर को सीधे भोपाल-जबलपुर मुख्य रेल मार्ग से जोड़ेगी. इसके शुरू होने के बाद इंदौर से भोपाल और जबलपुर की दूरी करीब 45 किलोमीटर तक कम हो जाएगी और यात्रियों का लगभग दो घंटे का समय बचेगा.
मांगलिया बनेगा बड़ा बिजनेस और लॉजिस्टिक सेंटर
रेलवे की योजना के मुताबिक, मांगलिया को सिर्फ स्टेशन नहीं बल्कि एक बड़े बिजनेस और लॉजिस्टिक सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां से पेट्रोलियम और सोयाबीन उत्पादों की सप्लाई देशभर में तेज गति से की जा सकेगी. साथ ही नए क्रॉसिंग और हाल्ट स्टेशन बनने से ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढे़ं- NH-30 फोरलेन परियोजना की DPR तैयार करने का कार्य प्रगति पर, मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार