Mauganj: सड़क पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे सवार! सीतापुर इलाके में मचा हड़कंप
मऊगंज सड़क हादसा
Mauganj: मऊगंज जिले के सीतापुर क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई. भीषण गर्मी और 42 डिग्री से अधिक तापमान के बीच हुए इस हादसे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सामान्य गति से सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक बोनट से धुआं उठने लगा. चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.
बाल-बाल बचें कार सवार
कार में सवार लोगों ने हालात बिगड़ते देख तत्काल गेट खोलकर बाहर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई. देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरी कार धू-धू कर जलने लगी. सड़क किनारे मौजूद लोग आग और धुएं का भयावह मंजर देखकर सहम उठे. कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई.
सड़क पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देता रहा. स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण कोई भी वाहन के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार सवार कुछ सेकंड भी देर कर देते, तो बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि इस घटना में जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे ने वाहन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
भीषण गर्मी के इस दौर में वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक तापमान, इंजन ओवरहीटिंग और शॉर्ट सर्किट ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन सकते हैं. सीतापुर में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है.
ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, तहसीलदार और ठेला व्यापारियों के बीच बहस के बाद हटाए ठेले