मऊगंज जेल में अवैध वसूली, कैदियों से जबरन मजदूरी का मामला, परिजनों ने लगाए आरोप, अधिकारियों ने साधी चुप्पी
मऊगंज सब जेल में कैदियों से कराई जा रही जबरन मजदूरी
Mauganj News: मऊगंज जिला सब जेल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कठघरे में खड़ी हो गई है. सब जेल के भीतर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद न केवल जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं, बल्कि पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है.
रिहा कैदी ने लगाए सनसनीखेज आरोप
लूट के एक मामले में जेल में निरुद्ध रहे अम्ब्रीश द्विवेदी ने रिहाई के बाद गंभीर आरोप लगाए हैं. अम्ब्रीश का कहना है कि जेल के भीतर प्रताड़ना से बचाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर एक जेल प्रहरी द्वारा उसके परिजनों से फोन-पे और नकद के माध्यम से अवैध वसूली की गई.
पैसे नहीं देने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना
पीड़ित के अनुसार, जब परिजनों द्वारा पैसे देने से इनकार किया गया तो जेल के भीतर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया. उसने यह भी आरोप लगाया कि सब जेल परिसर में निर्माणाधीन भवन में कैदियों से जबरन मजदूरी कराई जाती थी.
उच्च अधिकारियों से की गई शिकायत
इस पूरे मामले की शिकायत अम्ब्रीश द्विवेदी द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कमिश्नर से की गई है. हालांकि, शिकायत के बाद भी अब तक जेल प्रशासन या जिला प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट और ठोस बयान सामने नहीं आया है.
वायरल वीडियो को लेकर कई सवाल
सूत्रों के अनुसार, जो वीडियो जेल के भीतर से वायरल हुआ है, उसे कथित तौर पर जेल निलेश वर्मा और तेजवीर शर्मा द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है. अब बड़ा सवाल यह है कि—क्या वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही होगी.
ये भी पढ़ें: मैहर के शारदा मंदिर में राजा भैया के लिए टूटे नियम, बंदूक के साथ की पूजा, उठे सवाल
प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल
यह पूरा मामला मऊगंज सब जेल की सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक नियंत्रण पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. यदि लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं, तो यह जेल तंत्र की बड़ी लापरवाही और विफलता को उजागर करेगा.
अब कार्रवाई पर निगाहें
फिलहाल, पूरे जिले की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं. क्या होगी निष्पक्ष जांच? या फिर यह मामला भी कागजों में ही सिमट कर रह जाएगा?