MP News: खनन माफिया के हौसले बुलंद, खंडवा में पटवारी को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, DIG बोले- अपराधी को बख्शेंगे नहीं
खंडवा में खनन माफिया की पटवारी को कुचलने की कोशिश.
MP News: मध्य प्रदेश में सरकार और प्रशासन चाहें जितने दावे करे लेकिन अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है. खंडवा में अवैध खनन की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पटवारी को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की गई है. हालांकि पटवारी की सतर्कता के कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई, वहीं खनन माफिया ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने मौके से JCB बरामद की
घटना भकराडा गांव में 3 मई की है. यहां हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया को इलाके में अवैध खनन की सूचना मिली थी. जिसके बाद पटवारी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए. जब देखा तो यहां खुदाई करके मुरम का उत्खनन किया जा रहा था. प्रशासन की टीम को देखते ही ट्रैक्टर सवार ने पटवारी को कुचलने की कोशिश की. हालांकि पटवारी मयंक फुलेरिया की फुर्ती के कारण वे बाल-बाल बच गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें ड्राइवर ट्रैक्टर लेकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है. घटना के बाद आरोपी भागने में कामयाब हो गए, लेकिन जेसीबी छोड़ गए. मौके से पुलिस ने जेसीबी को बरामद किया है.
DIG बोले- ऐसे कृत्य बर्दाश्त नहीं, अपराधियों को बख्शेंगे नहीं
वहीं पूरे मामले पर पटवारी ने तहसीलदार को सूचना दी. इसके बाद सोमवार देर रात जावर थाने में पटवारी की शिकायत पर चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी ड्राइव के खिलाफ पुलिस ने अवैध खनन और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है. वहीं पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय ने कहा कि इस तरह खनन माफियाओं के कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे, अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढे़ं: एमपी से कमलनाथ के राज्यसभा जाने पर सहमति! जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह ने सिंगल नाम का किया समर्थन