Vistaar NEWS

‘सिंगल हो क्या, साथ चलोगी…’, मनचले ने लेडी कॉन्‍स्‍टेबल के साथ की छेड़छाड़, पुलिस ने इंदौर में चलाया स्टिंग ऑपरेशन

The accused is a miscreant

आरोपी मनचला

Indore News: मनचलों के हौसले अब इतने बढ़ चुके हैं कि महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं. मध्य प्रदेश के इंदौर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां देर रात सड़कों पर घूम रही एक लेडी कॉन्स्टेबल को मनचले ने छेड़ दिया. सड़क पर पैदल जा रही महिला पुलिसकर्मी के पास एक्टिवा सवार एक युवक पहुंचा और बोला- ‘सिंगल हो क्या, साथ में चलोगी?’

महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा था अभियान

दरअसल, इंदौर शहर में महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रही है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने विजय नगर इलाके में मनचलों को पकड़ने के लिए स्टिंग ऑपरेशन चलाया. रविवार देर रात 12 बजे से 1 बजे के बीच दो महिला पुलिसकर्मियों को मेघदूत गार्डन के बाहर घूमने के लिए भेजा गया था. महिला पुलिसकर्मियों ने टीम के साथ मिलकर एक मनचले को रंगे हाथ पकड़ लिया.

कैमरों की निगरानी में चल रहा था स्टिंग ऑपरेशन

मामले को लेकर एसीपी पराग सैनी ने बताया कि स्टिंग ऑपरेशन के दौरान एक टीम लेडी कॉन्स्टेबल के आसपास तैनात की गई थी. वहीं पूरी घटना पर कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही थी. आरोपी मनचले की हरकत सामने आते ही टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद वह अपनी इस हरकत के लिए माफी मांगने लगा.

आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है आरोपी

महिला पुलिसकर्मी से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सर्वेश साहू के रूप में हुई है. सर्वेश सागर का रहने वाला है और एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर काम करता है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह अक्सर अकेली महिलाओं को देखकर उनके साथ छेड़छाड़ करता था.

NCRB रिपोर्ट में महिला अपराध को लेकर बढ़ी चिंता

आपको बता दें कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की जारी “क्राइम इन इंडिया 2024” रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश की स्थिति बेहद चिंताजनक बताई जा रही है. महिला अपराध के मामलों में मध्य प्रदेश लगातार चौथे साल देश में पांचवें स्थान पर बना हुआ है. प्रदेश में महिलाओं से जुड़े 32,832 मामले दर्ज किए जा चुके हैं. साल 2022 में 32,765 मामले दर्ज किए गए थे, जो साल 2023 में घटकर 32,342 हो गए थे. वहीं साल 2024 में राज्य में हर दिन औसतन 90 से ज्यादा महिलाओं से जुड़े अपराध दर्ज हुए हैं.

दहेज हत्या के मामलों में भी एमपी टॉप राज्यों में शामिल

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में प्रदेश में दहेज हत्या के 450 मामले दर्ज किए गए थे. इनमें 232 मामले IPC और 228 मामलों में BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं. दहेज हत्या के सबसे ज्यादा मामलों वाले राज्यों में मध्य प्रदेश पूरे देश में तीसरे स्थान पर है. 2038 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर और बिहार दूसरे स्थान पर बना हुआ है.

हर तीन घंटे में दर्ज हो रहा एक रेप केस

रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश में हर तीन घंटे में एक रेप केस दर्ज किया जा रहा है. इसके अलावा हर दिन करीब 32 अपहरण के मामले सामने आ रहे हैं. दहेज हत्या और छोटे बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराध के मामलों में भी प्रदेश में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. मध्य प्रदेश इन मामलों में देश के टॉप-3 राज्यों में शामिल हो गया है. अपहरण के मामलों में भी एमपी चौथे स्थान पर बना हुआ है.

मई 2026 में जारी हुई NCRB की रिपोर्ट

NCRB ने यह रिपोर्ट 6 मई 2026 को जारी की थी. इस रिपोर्ट में साल 2024 तक के अपराधों के आंकड़े शामिल किए गए हैं. यह रिपोर्ट सितंबर 2025 में जारी होनी थी, लेकिन इस बार इसे मई 2026 में जारी किया गया. रिपोर्ट के देर से जारी होने की वजह आपराधिक आंकड़ों के सत्यापन और डेटा मिलान की प्रक्रिया को बताया गया है.

ये भी पढे़ं- MP News: एमपी में घर बनाने- बिजली कनेक्शन लेना होगा आसान, लागू होगा सिंगल एजेंसी क्लियरेंस सिस्टम, एक फॉर्म से मिलेंगी सुविधाएं

Exit mobile version